महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 फरवरी। महासमुंद में पखवाड़े भर से चल रहा आंदोलन सरकारी फरमान सुनते ही लगभग समाप्त हो गया है। हालांकि कुछ कार्यकर्ता आज भी पटवारी कार्यालय के सामने सद्बुुद्धि यज्ञ कर रही हैं और इस यज्ञ की सफलता के लिए मीडिया का सहारा ले रही हैं। अत: आज यह सद्बुुद्धि यज्ञ यदि सफल भी होता है, तब भी मंगलवार की शाम तक पता चलेगा कि राज्य सरकार की किसकी बुुद्धि पर चलेगी? कल भी आदेश के पहले पटवारी कार्यालय के सामने आंगनबाड़ी महिलाएं हड़ताल पर बैठी थीं।
उन्होंने रविवार को विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर के निवास पर रैली के रूप में जाकर अपना आवेदन भी सौंपा था। पखवाड़े भर से सारा-सारा दिन दम खम के साथ राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाती रहीं लेकिन विभाग ने कल दोपहर उनके नाम एक सख्त आदेश निकाल दिया। यह आदेश सभी हड़तालियों के पास पहुंचा भी नहीं था कि सुनते ही तमाम महिलाएं देखते ही देखते मैदान छोड़ गईं। इस तरह पल भर में आंदोलनकारी बिखर गईं।
मालूम हो कि राज्य शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिताओं को काम पर लौटने का अल्टीमेटम देने के सख्त निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। कुल 10 बिंदुओं पर जारी निर्देश में इस बात का भी उल्लेख है कि अगर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका हड़ताल पर अडिग रहते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए साथ ही उनके मानदेय भुगतान भी रोक दिया जाए।
राज्य शासन के जारी निर्देश के मुताबिक अगर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका हड़ताल से वापस काम पर नहीं लौटती है तो उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं, इस बात का भी निर्देश दिया गया है कि जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने साल 2018 में आंदोलन किया था और हड़ताल से वापसी के बाद उनकी हड़ताल अवधि के मानदेय का भुगतान इसी शर्त पर हुआ था कि वे आगे इसकी पुनरावृति नहीं करेंगी।
जिस तरह के निर्देश राज्य सरकार की तरफ से जारी किए गए हैं, उसे इस बात का स्पष्ट संकेत मिला है कि अगर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ने अपने हड़ताल को खत्म करने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाया, तो आने वाले दिनों में राज्य सरकार कोई बड़ा कदम उठा सकती है। लिहाजा महासमुंद में आंदोलनरत तमाम आंगनबाड़ी महिलाएं निर्देश के बारे में पता चलते ही आंदोलन स्थल से अपने-अपने निवास की ओर रवाना हो गईं।
हड़ताल के दौरान इनका आरोप था कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वादा किया था कि सरकार बनने पर उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें कलेक्ट्रेट दर पर मानदेय दिया जाएगा। लेकिन कांग्रेस सरकार के चार साल बीत जाने के बाद भी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगें पूरी नहीं की है।
आंगनबाड़ी जाने वाले बच्चों के पालक आंगनबाड़ी में हड़ताल को लेकर काफी नाराज हैं। वे आंगनबाड़ी में काम करने वालों की खिलाफत करते हैं क्योंकि बच्चों को भूखा रखकर यह आंदोलन हो रहा है।
जबकि सरकार के खिलाफ नाराजगी इस बात पर है कि रह-रहकर बच्चों को भूखा रहने के लिए आंगनबाड़ी बंद कर दिया जाता है। यदि कोई कार्यकर्ता आंदोलन पर है तो बच्चों को भोजन के लिए किसी और की नियुक्ति किया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होता है तो आंगनबाड़ी बंद किया जाए।