महासमुन्द

किसान सत्याग्रह को साल भर पूरे होने में 10 दिन बाकी, 18 गांवों में रथयात्रा कर किसानों से मिले अनिल दुबे
14-Feb-2023 4:14 PM
किसान सत्याग्रह को साल भर पूरे होने में 10 दिन बाकी, 18 गांवों में रथयात्रा कर किसानों से मिले अनिल दुबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 फरवरी।
महासमुंद में जारी अखंड किसान सत्याग्रह को साल भर पूरे होने में 10 दिन बाकी है। 13 फरवरी को महासमुंद जिले के 18 गांवों में किसान सत्याग्रहियों ने रथयात्रा भ्रमण किया।
सत्याग्रही किसानों के प्रमुख अनिल दुबे ने धानापाली गांव के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों पर हिंसा करने वाली सरकार है। इस अंचल के किसानों का राज्य आंदोलन, किसान आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान रहा है।
इस यात्रा को छन्नूलाल साहू ने भी नारों से उत्साहित किया। वेगेंद्र सोनकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जितने भी किसान आंदोलन चल रहे हैं, उनमें किसान मोर्चा के बैनर तले हाईवे स्थित कौंवाझर मालीडीह में आयोजित अखन्ड धरना सत्याग्रह ने लंबी लड़ाई लड़ कर इतिहास रचा है। इससे किसान भाई एक दूसरे से जुड़े हैं। उत्साहित हुए हैं और समस्याओं को समझने के लिए रूचि दिखाएं हैं। यह जानकर लोगों में बड़ी खुशी है। मंच का संचालन सदाराम चौहान ने किया।

मालूम हो कि करणीकृपा पावर एंड स्टील प्लांट के विरोध में तुमगांव खैरझिटी के पास 18 गांवों के किसान सत्याग्रह कर रहे हैं। आगानी 25 फरवरी को उनके सत्याग्रह को एक साल पूरा हो जाएगा। हाल ही में पुलिस ने इनके आंदोलन को समाप्त करने की नीयत से आंदोलन प्रमुख अनिल दुबे को हिरासत मेंले लिया था। जेल से बाहर आते ही राज्य आंदोलनकारी प्रदेश किसान नेता का जगह जगह स्वागत किया गया।

13 फरवरी को सत्याग्रही किसानों ने एक रैली निकाल कर रथयात्रा के साथ 18 गांवों बोहराभांठा, सिंंघनपुर, बानीपाली, गीधापाली, भूकेल, पतेरापाली, जोगीपाली, बाराडोली, पिलवापाली, भुलका, खवासपाली, पाठीयापाली, बनेकांटा, बसना, देवरी, सांकरा, नीमच, पिथौरा, धनापाली आदि शामिल गांवों की यात्रा की। इस रथयात्रा का नेतृत्व किसान नेता गनपति पटेल, सदाराम, चूड़ामणि पटेल, बृजबिहारी साहू, अशोक शर्मा आदि ने किया।

सिंघनपुर, कर्रापाली, गीधापाली, भुल्का, धनापाली में नुक्कड़ सभाएं हुई जहां सैकड़ों किसान जवान और महिलाएं शामिल हुए। सभा को राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे, प्रदेश किसान नेता छन्नूलाल साहू, वेगेंद्र सोनवीर ने संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनिल दुबे ने कहा कि इस अंचल के किसानों का राज्य आंदोलन, किसान आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उसी प्रकार से इस किसान मजदूर किसान जोड़ो रथ यात्रा में विशेष योगदान मिल रहा है।
 


अन्य पोस्ट