महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 फरवरी। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय मचेवा के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 8 से आज 14 फरवरी तक प्राथमिक शाला मचेवा में आयोजित है। 13 फरवरी को बौद्धिक परिचर्चा व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सेवकों को कानून संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के सचिव दामोदर प्रसाद चन्द्रा ने शिविर में उपस्थित महिला इकाई के स्वयं सेवकों एवं ग्रामवासियों को विधिक जानकारी प्रदान की। सचिव श्री चन्द्रा ने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित होने वाले अपराध, पीडि़त क्षतिपूर्ति योजना, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के कार्यों तथा उनके योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इसके अलावा गुड टच-बेड टच, माता-पिता, भरण.पोषण अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम कानून एंव भारत के संविधान तथा उनके महत्व के बारे में एनएसएस के स्वयं सेवकों एवं ग्रामीेणों को जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिवक्ता संजीव कुमार पंडा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली योजनाओं एवं उससे मिलने वाले विधिक सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय मचेवा के एनएसएस प्रभारी डॉ.सरस्वती वर्मा, विधिक कार्यकर्ता हरिचंद साहू, एनएसएस के छात्रों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।