महासमुन्द

न्यूट्रीशन इंटरनेशनल टीम ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सराहा
11-Feb-2023 3:21 PM
न्यूट्रीशन इंटरनेशनल टीम ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सराहा

कहा-जिले में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचार बढिय़ा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
न्यूट्रीशन इंटरनेशनल एशियाई देशों के क्षेत्रीय कार्यालय एवं राष्ट्रीय कार्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों एवं आंगनबाडिय़ों में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस आर बंजारे के नेतृत्व में निरीक्षण किया।

ग्रैण्ड कैरियोनी, वरिष्ठ निदेशक मानव संसाधन न्यूट्रीशन इंटरनेशनल कनाडा कार्यालय की अध्यक्षता वाली टीम ने कल शुक्रवार को विकास खण्ड महासमुंद के उप स्वास्थ्य केन्द्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर घोड़ारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर बिरकोनी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिरकोनी का भ्रमण किया।

श्री कैरियोनी एवं उनकी टीम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक से मुलाकात कर अपने भ्रमण का अनुभव साझा किया तथा जिले के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार की प्रशंसा की।

न्यूट्रीशन इन्टरनेशन कनाडा कार्यालय की अध्यक्षता वाली टीम ने उप स्वास्थ्य केन्द्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर घोड़ारी में प्रदाय किये जा रहे स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और समुदाय स्तर पर मितानिनों द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस आर बंजारे ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इसके उपरांत टीम ने बिरकोनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर स्कूली बच्चों से मुलाकात कर स्वास्थ्य शिक्षा, एनीमिया आदि के संबंध में चर्चा की और स्कूल के प्राचार्य एवं नोडल टीचर से एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में चर्चा की।

इस दौरान डॉ.बंजारे ने टीम को जिले में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं 0 से 05 वर्ष तक बच्चों की हिमोग्लोबिन जांच करते हुए अवलोकन कराया और स्वास्थ्य सुविधा के बारे में जानकारी दी। कनाडा की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरकोनी में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर चिकित्सकों ने हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर में प्रदायित 12 सेवाओं एवं कायाकल्प योजना के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिरुद्ध सिंह कसार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रोहित कुमार वर्मा, संदीप चन्द्राकर, अनुपम शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट