महासमुन्द

राज्य सेवा प्रारम्भिक परीक्षा कल, नकल रोकने के लिए उडऩदस्ता दल गठित
11-Feb-2023 2:54 PM
राज्य सेवा प्रारम्भिक परीक्षा कल, नकल रोकने के लिए उडऩदस्ता दल गठित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारम्भिक परीक्षा 2022 रविवार को आयोजित है। जिले के निर्धारित 24 परीक्षा केन्द्रों में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनरल स्टडी का पर्चा होगा। दूसरी पाली में अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक एप्टीट्यूड का परीक्षा होगा। महासमुंद जिले के 24 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 6151 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

कलेक्टर निलेश क्षीरसागर ने परीक्षा के सुचारू एवं निर्विघ्न रूप से संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी को नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करने हेतु सहायक परीक्षा प्रभारी डिप्टी कलेक्टर नेहा भेडिय़ा, सहायक प्राध्यापक शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य मचेवा डॉ. ई.पी. चेलक एवं अजय कुमार राजा को सम्पूर्ण परीक्षा हेतु नियुक्त किया है।

नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी ने आयोग के निर्देशों से अवगत कराने के लिए कल जिला कार्यालय के सीजी स्वान सभाकक्ष में सर्व संबंधित केन्द्राध्यक्षों की बैठक ली। जिसमें प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट को छोडक़र परीक्षा संबंधी अन्य सामग्री जैसे ओएमआर उत्तर पुस्तिका, बैंक ड्राफ्ट आदि केन्द्राध्यक्षों को उपलब्ध कराया तथा आयोग से प्राप्त निर्देशों को पालन करने के लिए निर्देशित किया गया। मालूम हो कि लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में 24 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
इन परीक्षा केन्द्रों पर नकल रोकने के लिए तीन-तीन परीक्षा केन्द्रों के लिए एक-एक उडऩदस्ता दल गठित किया गया है। प्रत्येक उडऩदस्ते में एक प्रशासनिक एवं एक पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
 


अन्य पोस्ट