महासमुन्द

आत्मानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव, मेधावी बच्चे सम्मानित
09-Feb-2023 7:08 PM
आत्मानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव, मेधावी बच्चे सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 फरवरी। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद के वार्षिकोत्सव में मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभावान बच्चों को नगद राशि से भी पुरस्कृत किया। कल बुधवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रकाश राव साकरकर, सहायक परियोजना अधिकारी हिमांशु भारती, माधव टांकसाले मौजूद थे।

मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि शासकीय स्कूलों के जरिए शिक्षा की अलख तो जगाई ही जा रही थी, लेकिन भूपेश सरकार की दूरदर्शी सोच से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ विद्यालय द्वारा इसे औऱ निखारा जा रहा है। इस विद्यालय के संचालन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को तो बेहतर सुविधा मिल ही रही है साथ ही अभिभावकों की अपने बच्चों को उच्च क्वालिटी की शिक्षा नहीं दिला पाने की चिंता से भी मुक्ति मिल गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल मील का पत्थर साबित हो रहा है। आत्मानंद स्कूल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक है। उनकी मंशा अनुरूप स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालित है। जहां उत्कृष्ट शिक्षा से अध्ययन.अध्यापन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम व लगन ही सफलता का एकमात्र मंत्र है। विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर अपने लक्ष्य को पाने कड़ी मेहनत करनी चाहिए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राचार्य हेमेंद्र आचार्य, प्रमोद कन्नौजे, चमनलाल चंद्राकर, मुरलीधर वर्मा, डॉ.संध्या चंद्राकर, हेमंत डडसेना, मुरलीधर पटेल, त्रिवेणी साहू, सुलक्षणा तिवारी, भोजेश्वरी ठाकुर, घनश्याम यदु, सुधा शर्मा, प्रियंका ध्रुव, तृप्ति ध्रुव, गरिमा भारद्वाज, नरेंद्र सिंह सहित विद्यालय के स्टाफ  मौजूद थे।


अन्य पोस्ट