महासमुन्द
जिले के अधिकारी इस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 फरवरी। महासमुंद जिले के धान खरीदी केंद्र भस्करापाली में धान खरीदी वर्ष 2022-23 में 31 जनवरी 2023 तक कुल 63 हजार 492 क्विंटल धान खरीदी ऑनलाइन में दिखाया गया है। जब जिला प्रशासन की जांच टीम ने खरीदी केंद्र भस्करापाली में खरीदे गए धान की जांच की, तो वहां 730 क्विंटल धान कम पाया गया। जानकारी मिली है कि जिला प्रशासन की जांच टीम के आने की सूचना मिलते ही धान खरीदी प्रभारी धान खरीदी केंद्र से नदारत हो गये। जिले के अधिकारी केंद्र में धान कम पाए जाने के मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
गौरतलब पूरे छतीसगढ़ में धान खरीदी वर्ष 2022-23 के लिए 1 नवम्बर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की गई। इसी के तहत महासमुंद जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 169 धान खरीदी केंद्र बनाए गए थे। जहां धान की खरीदी की गई। जिले के कुछ धान खरीदी केन्द्रों में बिना धान खरीदे बोगस (फर्जी) खरीदी ऑनलाइन दिखाया गया है। जबकि भौतिक तौर पर धान खरीदा ही नहीं गया है। जैसे-जैसे जांच हो रही है, समितियों और धान खरीदी केन्द्रों में फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है।
महासमुंद जिले के धान खरीदी केंद्र भस्करापाली में धान खरीदी वर्ष 2022-23 में 31 जनवरी 2023 तक कुल 63 हजार 492 क्विंटल धान खरीदी ऑनलाइन में दिखाया गया है। जब जिला प्रशासन की जांच टीम ने खरीदी केंद्र भस्करापाली में खरीदे गए धान की जांच की तो वहां 730 क्विंटल धान कम पाया गया। इस फर्जी धान की कीमत लगभग 18 लाख रुपए आंकी जा रही है। अधिकारी भी इसे फर्जी बोगस खरीदी मान रहे हैं। क्योंकि इस बार धान खरीदी के समय न ही बारिश हुई, न ही खरीदे गए धान के उठाव में देरी हुई। जिले के अधिकारी इस मामले में संज्ञान लेकर जांच में जुटे हुए हैं और कार्रवाई की बात कह रहे हैं।