महासमुन्द

झलप मदिरा दुकान से पौने दो लाख चुराकर फरार आरोपी गिरफ्तार
19-Jan-2023 2:25 PM
झलप मदिरा दुकान से पौने दो लाख चुराकर फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जनवरी।
विदेशी मदिरा दुकान झलप की बिक्री रकम 1 लाख 64 हजार 040 रुपए गबन करने वाले आरोपी जुगल कुमार सिन्हा को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पिथौरा प्रेमलाल साहू ने मदिरा दुकान झलप से गबन के आरोपी की पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया था। गोपाल धुर्वे थाना प्रभारी पटेवा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार किया  है।

गौरतलब है कि प्रार्थी लोकेश राव महाडिक़, सुमीत फैसलिटीज प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी महासमुंद ने आबकारी विभाग महासमुंद में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जनवरी को दुकान में बिक्री राशि रखी गई थी, उसमें से कुछ रकम कम हैं। विक्रयकर्ता प्रकाश पटेल ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं महासमुंद ग्रामीण अधिकारी के सामने यह बयान दिया था कि 5 जनवरी को रात्रि में दुकान बंद करने से पहले यहां काम करने वाला जुगल सिन्हा अपनी मोबाइल चार्ज करने के लिए रखा था। इसके बाद दुकान के गार्ड सुनीतराम ध्रुव को चार्ज देकर वह घर चला गया। थोड़ी देर बाद मोबाईल और चार्जर दुकान में छूट गया है कहकर रात्रि 10 बजकर 20 मिनट पर फिर से दुकान आया। दुकान खोल कर अंदर गया और मदिरा विक्रय से प्राप्त राशि 4 लाख 66 हजार 140 रुपए में से कुछ रुपए निकाल कर दुकान बंद कर बाहर आ गया।

दूसरे दिन 6 जनवरी को दुकान के अलमारी में रखी मदिरा विक्रय राशि को गिनने पर 3 लाख 2 हजार 100 रुपए कुल मदिरा विक्रय राशि में से 1 लाख 64 हजार 040 रुपए कम होना पाया गया। मामला सामने आते ही जुगल कुमार सिन्हा चोरी के रुपए लेकर फरार हो गया। जिस पर थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 13-2023 धारा 409 भादवि का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना पतासाजी के बाद आरोपी जुगल कुमार सिन्हा (30) अमलीडीह थाना पिथौरा जिला महासमुंद को 17 जनवरी को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट