महासमुन्द

महासमुंद ने बनाया समर्थन मूल्य में सर्वाधिक धान खरीदी रिकॉर्ड
19-Jan-2023 2:24 PM
महासमुंद ने बनाया समर्थन मूल्य में सर्वाधिक धान खरीदी रिकॉर्ड

अब तक 8 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जनवरी।
खरीफ  विपणन वर्ष 2022-23 में महासमुंद जिले ने समर्थन मूल्य में सर्वाधिक धान खरीदी का रिकॉर्ड बनाया है। जिले में अब तक 7 लाख 95 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है। कलेक्टर ने अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में कलेक्टर के निर्देश का पालन करने कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

मालूम हो कि जिले में 1 नवम्बर 2022 से सहकारी समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। आज तक 7 लाख, 95 हजार, 264.9 मेट्रिक टन की खरीदी की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष संपूर्ण अवधि में 7लाख, 74 हजार, 342.92 मेट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस तरह महासमुंद जिला राज्य में समर्थन मूल्य पर सर्वाधिक धान खरीदी करने वाला जिला बन गया है।

समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का राईस मिलर्स के माध्यम से कस्टम मिलिंग हेतु उठाव कराने तथा कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में भी महासमुंद जिला राज्य में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। कलेक्टर क्षीरसागर ने जिले के इस उपलब्धि के लिये धान खरीदी कार्य में लगे समस्त अधिकारी-कर्मचारियों एवं जिले की सहकारी समितियों तथा राईस मिलर्स के कार्य की सराहना की है तथा उन्हें शासन के हित में निरन्तर कार्य करने का निर्देश दिये हैं।

कलेक्टर क्षीरसागर के निर्देश पर धान उपार्जन केन्द्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा नोडल अधिकारियों द्वारा संबंधित धान खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य के अंतिम पड़ाव के मद्देनजर उपार्जन केन्द्रों में कड़ी निगरानी रखने और अवैध रूप से धान खपाने की जानकारी मिलने पर कोचियों और बिचैलियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इस वर्ष जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए 1 लाख 52 हजार 850 कृषकों का रकबा 2 लाख 28 हजार 798 हेक्टेयर पंजीकृत है। जिसमें से 1 लाख 46 हजार 606:96 प्रतिशत कृषकों द्वारा धान विक्रय किया गया है। धान विक्रय के लिए शेष कृषकों का धान 31 जनवरी 2023 तक क्रय किया जाएगा।

इस वर्ष जिले के पंजीकृत राईस मिलरों के द्वारा तेजी से धान उठाव किया गया है। राईस मिलर्स द्वारा समितियों के उपार्जन केन्द्रों से 73 लाख 03 हजार 314 क्विंटल धान का उठाव कस्टम मिलिंग करने के लिए कर लिया गया है। वर्तमान में उपार्जन केन्द्रों में मात्र 64 हजार933.4 मेट्रिक टन धान उठाव के लिए शेष है। जिसमें से राईस मिलर्स द्वारा 30 हजार 900 मेट्रिक टन धान का उठाव करने के लिए डिलीवरी ऑर्डर जारी करा लिया गया है।

इस वर्ष राईस मिलर्स द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए विपणन संघ के साथ निष्पादित अनुबंध में अधिकाधिक प्रतिभूति राशि जमा करके धान उठाने का डिलीवरी ऑर्डर जारी कराया गया है। जिससे उपार्जन केंद्रों से धान का त्वरित उठाव हुआ है। विपणन संघ द्वारा समितियों को धान खरीदी के लिये पर्याप्त संख्या में नए एवं पुराने बारदाने उपलब्ध कराए जाने के कारण जिले में धान खरीदी का कार्य निर्विघ्न संचालित हो रहा है।
 


अन्य पोस्ट