महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जनवरी। छत्तीसगढ़ सर्व संविदा कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित 5 दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन पूर्व विधायक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ.विमल चोपड़ा ने अपना समर्थन दिया।
हड़ताल का समर्थन करते हुए डॉ. चोपड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार को 4 साल ज्यादा हो चुका है पंरतु अभी तक यह सरकार अपनी वादा पूरा नहीं कर पा रही है। न ही उसकी तरफ कोई कदम उठा रहा है। जबकि इस कांग्रेस सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र में एक बिंदु यह रखा था कि जितने अनियमित कर्मचारी हैं, उन्हें नियमित किया जाएगा। जिसके चलते संविदा कर्मचारियों को निराशा ही प्राप्त हुई है।
डॉ. चोपड़ा ने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश की कांग्रेस सरकार पवित्र गंगाजल को हाथों में लेकर 36 झूठे वादे करके सत्ता में आयी और सत्तासीन होते हुए वादाखिलाफी का नया इतिहास रच दिया। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को केवल धोखा देने का कार्य किया है। बेरोजगार युवा को रोजगार देना हो या संविदा कर्मियों का नियमितिकरण। वृद्धा पेंशन की बात हो चाहे सडक़ निर्माण। किसी काम में योगदान नहीं किया। अपितु प्रदेश में शराब माफिया, रेत माफिया, भू माफिया को संरक्षण देकर स्वयं एवं कांग्रेसी नेताओं को जेब भरने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तत्काल अपना वादा पूरा करे व हड़ताल में बैठे सभी कर्मचारियों का नियमतिकरण करें।