महासमुन्द

शराब दुकान की राशि का गबन, आरोपी बंदी
18-Jan-2023 5:06 PM
शराब दुकान की राशि का गबन, आरोपी बंदी

महासमुंद,18 जनवरी। विदेशी मदिरा दुकान झलप की बिक्री रकम 1 लाख 64 हजार 040 रुपए गबन करने वाले आरोपी जुगल कुमार सिन्हा को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 

पुलिस के अनुसार प्रार्थी लोकेश राव महाडिक़ सुमीत फैसलिटीज प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी महासमुंद ने आबकारी विभाग महासमुंद में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जनवरी 2023 को दुकान में बिक्री राशि रखी गई थी, उसमें से कुछ रकम कम हैं। 

विक्रयकर्ता प्रकाश पटेल ने  सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं महासमुंद ग्रामीण अधिकारी के सामने यह शिकायत की कि  5जनवरी 2023 को रात्रि में दुकान बंद करने से पहले यहां काम करने वाला जुगल सिन्हा अपनी मोबाइल चार्ज करने के लिए रखा था। इसके बाद दुकान के गार्ड सुनीतराम ध्रुव को चार्ज देकर वह घर चला गया। थोड़ी देर बाद मोबाईल और चार्जर दुकान में छूट गया है, कहकर रात्रि 10 बजकर 20 मिनट पर फिर से दुकान आया। दुकान खोल कर अंदर गया और मदिरा विक्रय से प्राप्त राशि 4 लाख 66 हजार 140 रुपए में से कुछ रुपए निकाल कर दुकान बंद कर बाहर आ गया। 

दूसरे दिन 6 जनवरी को दुकान के अलमारी में रखी मदिरा विक्रय राशि को गिनने पर 3 लाख 2 हजार 100 होना पाया। कुल मदिरा विक्रय राशि में से 1 लाख 64 हजार 040 रुपए कम होना पाया गया। 

मामला सामने आते ही जुगल कुमार सिन्हा चोरी के रुपए लेकर  फरार हो गया। जिस पर थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 13/2023 धारा 409 भादवि का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना पतासाजी के बाद आरोपी जुगल कुमार सिन्हा (30) निवासी अमलीडीह थाना पिथौरा जिला महासमुंद को मंगलवार को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर न्यायालय पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट