महासमुन्द
मुख्यमंत्री से भेंट कर सत्याग्रहियों ने 702 पेज का दस्तावेज सौंपा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जनवरी। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज 323 वें दिन भी खैरझिटी,कौंवाझर,मालीडीह के किसानों का सत्याग्रह जारी है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधीश महासमुंद ने 12 जनवरी को पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद में किसानों से बातचीत का समय दिया है। किसानों का प्रशासन के साथ यह छठवीं बैठक है। पहले के सभी पांच बैठकों में इससे संबंधित समस्याओं का कोई हल नहीं निकल सका था। कहा जा रहा है कि आज किसानों की भूमि, शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, गांव के मानचित्र का एनओसी होगा। उसके साथ ही किसानों के प्रमुख 10 मुद्दों पर चर्चा होगी।
मालूम हो कि हाइवे किनारे बसे गांव खैरझिटी,कौंवाझर,मालीडीह के किसान 323 दिनों से सत्याग्रह पर हैं। किसानों का कहना है कि जिला प्रसाशन के सहयोग से कृषि भूमि,गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि,शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणीकृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगाया जा रहा है। इस प्लांट के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से क्षेत्र के किसान छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह कर रहे हैं।
इस अखण्ड धरना सत्याग्रह का नेतृत्व युवा किसान तारेंद्र यादव उप सरपंच, नंदलाल सिन्हा, कन्हैया साहू,चमरू यादव,नंदलाल पटेल,डेविड चंद्राकर, बंशीलाल यादव,बिसरू सिन्हा, नंदकिशोर यादव, डिगेश्वरी चंद्राकर, पूर्व सरपंच राधाबाई सिन्हा,श्यामाबाई ध्रुव, रामबाई सिन्हा, ननकुनिया पारधी,दशमत यादव, ललिता साहू, पंचवती यादव, हीराबाई, कुलेश्वरी यादव आदि कर रहे हैं।
इस मामले में नंदकिशोर यादव का कहना है कि पंचायती राज में ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति बहुत कमजोर है। मतदाता चुनाव में अपनी प्रतिनिधि पंच और सरपंच को चुनते हैं, लेकिन पंचायत का सचिव, राजस्व कर्मचारी अधिकारी, पटवारी, आरआई और तहसीलदार जैसे नौकरशाह पंचायत प्रतिनिधियों से अपने तरीके से काम लेते हैं। ये आम जनता का शोषण करते हैं। प्रजातंत्र में प्रजा की पावर छीनकर व्यवस्था में धांधली करते हैं। हमारी जमीन पर भी जिला प्रशासन के मातहतों ने ही गलत किया है। हम अपनी जमीन पर किसी तरह का प्लांट नहीं बनने देंगे। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के भेंट मुलाकात के दौरान की थी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से भेंट कर 702 पेज का दस्तावेज दिया था और मुख्यमंत्री ने जिलाधीश महासमुंद को किसानों के साथ बैठक कर बिंदुवार समस्या का हल निकालने के आदेश दिए थे। लिहाजा मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधीश महासमुंद गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद में किसानों के साथ बैठेंगे। शाम तक इस बात की जानकारी मिलेगी कि उक्त बैठक में किसानों की किन-किन समस्याओं का हल निकल सका है।