महासमुन्द

फिर से खुलेगा रेलवे क्रासिंग का रास्ता, प्रतिनिधि मंडल के साथ रेल मंत्री से मिले महासमुंद सांसद
11-Jan-2023 3:18 PM
फिर से खुलेगा रेलवे क्रासिंग का रास्ता, प्रतिनिधि मंडल के साथ रेल मंत्री से मिले महासमुंद सांसद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 जनवरी। नगर की ज्वलंत समस्या जिसको लेकर पूरा शहर परेशान था, वह सुलझने लगा है। मंगलवार की शाम सासंद चुन्नीलाल साहू का ‘छत्तीसगढ़’ अखबार को फोन आया कि रेल मंत्री ने विवादित रेलवे फ ाटक को पुन: खोलने के लिए आदेश किया है। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री से इसी मामले को लेकर पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर और पूर्व विधायक डॉा. चोपड़ा के अलावा पवन साहू भी उनके साथ दिल्ली पहुंचे हैं। सासंद ने कहा है कि इसे पुन: चालू करने में 2 से 3 माह का समय लग सकता है। तब तक महासमुंद की जनता धैर्य रखें।

रेल मंत्रालय से निकलते ही सांसद चुन्नीलाल साहू ने रेल्वे फाटक समाधान समिति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पटरी पार रहने वालेे लोगों ने जुलूस निकाल कर खुशी जाहिर की। इसी के साथ विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के समर्थक भी सोशल मीडिया के कई ग्रुपों में यही कह रहे हैं कि विधायक की कड़ी मेहनत के कारण रेलवे फाटक को खोलने की अनुमित मिली है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के हाथों रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन होते ही रेलवे ने पुराने सडक़ क्रासिंग रास्ते को बंद कर दिया था। इसके बंद होते ही शहर में डॉ. विमल चोपड़ा ने विधायक विनोद चंद्राकर को इसका कारण बताया। विधायक विनोद चंद्राकर ने भी शहर के लोगों के साथ रास्ता खुलवाने के लिए चक्का जाम किया। बाद में शहर के लोगों को पता चला कि इसे रेलवे ने ही बंद किया है। आखिरकार  सांसद चुन्नीलाल साहू, डॉ. विमल चोपड़ा और पूनम चंद्राकर ने रेल मंत्री से मुलाकात की और बंद रास्ते को खुलवाने की मांग की।

सांसद चुन्नीलाल साहू ने मंगलवार की शाम फोन पर कहा कि रेल मंत्री ने बंद रास्ते को खोलन की अनुमति दे दी है। इस खबर को पाकर शहर के लोग खुश हुए, लेकिन बाद में यह खबर चलने लगी कि इसे खुलने में तीन महीने का समय लग सकता है, तो लोग फिर से निराश होने लगे हैं। बहरहाल यह रास्ता बंद है और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, दिव्यांगजनों के लिए एक बड़ी समस्या बनी हुई है। इसी कारण ही इस रास्ते के बंद होते ही पूरा शहर आंदोलित था।

महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व में दिल्ली गए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों डॉा. विमल चोपड़ा, पूनम चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि पवन साहू, मिलन चंद्राकर ने बताया है कि संयुक्त रूप से केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से रेल मंत्रालय में मुलाकात कर उन्हें बताया गया कि रेलवे फाटक के बंद होने से शहर की जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहर में इसके विरोध में लगातार आंदोलन हो रहे हैं। इससे लोगों के व्यवसाय में भी प्रभाव पड़ रहा है।

इससे पहले सांसद चुन्नीलाल साहू ने जन आंदोलन में शामिल होने के अलावा स्थानीय स्तर पर डीआरएम से चर्चा की थी, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ था। सांसद का कहना है कि रेल मंत्री ने सि मामले को लेकर तत्काल ईस्ट कोस्ट केजीएम को फोन कर आदेशित किया कि महासमुंद का रेलवे फाटक खोल दिए जाएं, इसकी प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
 


अन्य पोस्ट