महासमुन्द

कोडार से सिकासेर जलाशय तक नहर निर्माण के लिए पहल
10-Jan-2023 2:24 PM
कोडार से सिकासेर जलाशय तक नहर निर्माण के लिए पहल

खल्लारी तथा महासमुंद क्षेत्र के गांवों में जाकर किसानों का समर्थन लेकर मुख्यमंत्री से रजामंदी की चाह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जनवरी।
जिले के सबसे बड़े जलाशय कोडार को नहर बनाकर सिकासेर जलाशय तक पहुंचाने और सिकासेर बांध के व्यर्थ बहते पानी से छुरा, बागबाहरा, महासमुंद, पिथौरा ब्लाक के खेतों को रबी में पानी देने की योजना को लेकर एक बार फिर मांग शुरू हुई है।

इस परियोजना के सूत्रधार एवं आंदोलन के नेतृत्वकर्ता हितेश चंद्राकर एवं जनपद अध्यक्ष स्मिता चंद्राकर का कहना है कि लगातार सूखा व अकाल से जूझ रहे किसानों को रबी सीजन में पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए यह महती योजना है। इस योजना को मूर्त रूप दिया सके, इसके लिए खल्लारी तथा महासमुंद क्षेत्र के गांवों में जाकर किसानों का समर्थन लिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री से इस मामले में रजामंदी की तैयारी है।

पूरी जानकारी यह है कि महासमुंद जिले के सिकासेर जलाश की जल भराव क्षमता 200 मिलियन घन मीटर है। चूंकि यह जलाशय निचली सतह पर है। लिहाजा बरसात में यहां से प्रति 24 घंटे में 3960 मिलियन घन मीटर पानी बह जाता है। बारिश में गांवों को डुबान से बचाने सिंचाई विभाग जून माह से ही जलाशय से पानी छोडक़र जलाशय को खाली कर देता है और बरसात में पूरे समय इस जलाशय का पानी बेकार बहते रहता है। प्रत्येक वर्ष सिकासेर जलाशय के क्षमता के अनुरूप 20 गुना अधिक पानी को पैरी नदी में बहा दिया जाता है। व्यर्थ बहते पानी से 14 लाख हेक्टेयर रकबा का सिंचाई किया जा सकता है। अगर यह पानी को नहर निर्माण कर लाया जाए तो बागबाहरा महासमुंद पिथौरा ब्लाक के एक-एक खेतों में पानी पहुंचाया जा सकता है।

हितेश चंद्राकर के मुताबिक सिकासेर जलाशय से जो अतिरिक्त पानी बेवजह नदी में बहा दिया जाता है। इस पानी को रोकने अपर सिकासेर जलाशय बनाने का प्रस्ताव है। इसी प्रस्ताव में एक नहर के लिए सेटेलाइट से सर्वे हुआ है। यह नहर यदि मंजूर होता है तो सिकासेर से बेकार बहने वाला पानी जलाशय के बाईं तरफ  से पीपरछेड़ी होते हुए बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम टेका में प्रवेश होगा। टेका से खल्लारी एवं महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के शत-प्रतिशत और बसना विधानसभा के हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंङ्क्षचत करेगा।

सिकासेर जलाशय का समुद्र तल से ऊंचाई 393.13 मीटर बागबाहरा रेलवे स्टेशन 361 सरोदा बांध की ऊंचाई 340 मीटर कोटा जिला से की ऊंचाई 280 मीटर है। सिकासेर जलाशय से बागबाहरा ब्लॉक एवं महासमुंद ब्लॉक काफ ी नीचे होने के कारण खेतों में पानी  आसानी से पानी पहुंचेगा।

गौरतलब है कि सिंचाई के अभाव में बागबाहरा ब्लॉक से हर साल 27 हजार से अधिक परिवार पलायन कर यूपी चले जाते हैं। वर्तमान सरकार में ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी है जिसमें नरवा का संसाधन कर वाटर लेवल बढ़ाने की योजना है।
हितेश चंद्राकर का कहना है कि इस परियोजना से लोगों को काम मिलेगा और सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर भी आसानी से काम किया जा सकेगा। सिकासेर जलाशय से अतिरिक्त पानी को नहर के माध्यम से खेतों तक पहुंचा दिया जाए तो क्षेत्र में वाटर लेवल भी बढ़ेगा और छोटे-बड़े नदी-नाले रिचार्ज भी होंगे।


हितेश चंद्राकर ने कल प्रेसवार्ता में कहा कि किसानों को ग्रामवार संगठित करने का काम शुरू हो चुका है। सिंचाई के लिए खेतों तक पानी पहुंचाने खातिर किसानों को भी अपनी ताकत दिखाना होगा। गांवों में किसानों को संगठित करने ग्रामवार लेकर इस योजना के बारे उन्हें विस्तृत जानकारी देंगे और जन आंदोलन खड़ा कर सिकासेर के अतिरिक्त पानी को खेतों तक पहुंचाने नहर निर्माण की मांग राज्य सरकार से की जाएगी।


अन्य पोस्ट