महासमुन्द
कोडर से ग्रीष्मकालीन फसल के पानी की व्यवस्था में सिंचाई विभाग भेदभाव बरत रहा- डॉ. चोपड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जनवरी। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में आक्रोशित किसानों ने कोडार में कुलापा बन्द करने के विरोध में तथा सिंचाई के लिए कुलापा खोले जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन एवं नारेबाजी की।
उन्होंने कहा है कि महासमुंद क्षेत्र के समीपस्थ गांव जो वनाधिकार पट्टा क्षेत्र के अन्र्तगत आते हैं, उन्हें कोडर से ग्रीष्मकालीन फसल के सिचांई हेतु पानी की व्यवस्था में सिंचाई विभाग भेदभाव बरत रहा है। जो गरीब आदिवासी किसान हैं, जिनको वनाधिकार पट्टा मिला है, उनको पानी न देकर उनके साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। जबकि पिछले कई वर्षों से कोडार के बायें नहर से कोडर, कुलट, घोंघीबहारा, बंजारी जैसे आस पास के गांवों को रबी फसल के लिए पानी दिया जाता था। इस साल सिचांई विभाग के कार्यपालन यंत्री की नासमझी व तानाशाही के कारण किसानों को पानी देने से मना कर दिया गया है।
मालूम हो कि शनिवार की सुबह कुलापा बंद करने हेतु सिंचाई विभाग के कुछ कर्मचारियों को भेजा गया। जिस पर स्थानीय किसान आक्रोशित होकर वहां पर जमा हो गये और फ ोन से उन्होंने डा. चोपड़ा को बुलाया। डा. विमल चोपड़ा तत्काल वहां पहुचें और उन्होंने किसानों की समस्याओं से अवगत होने के बाद तत्काल कलेक्टर एवं कार्यपालन यंत्री से फोन पर बातचीत की कोशिश की। कुछ कारणों से उनसे फोन पर चर्चा नहीं हो सकी।
इसके बाद वहां एकत्र किसानों ने सिंचाई विभाग एवं जिला प्रशासन के विरूध्द नारेबाजी की। डा. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में धरना देकर प्रदर्शन किया एवं सिंचाई विभाग के कर्मचारियों से अनुरोध किया कि कुलापा बन्द ना करें। प्रशासन से बातचीत की जिद में सभी े किसान कुलापा के समीप धरने देकर बैठ गये।
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का निराकरण नहीं होगा, वे आंदोलन करते रहेंगे। समाचार लिखते तक आज सुबह के 10 बजे हैं और किसानों का आंदोलन जारी है।