महासमुन्द
महासमुंद, 7 जनवरी। इस बार बाजार में एक अलग तरह के पंचांग की खरीदी लोग कर रहे हैं। यह युगचेतना वार्षिक दिनदर्शिका एवं पचांग वर्ष 2023 है जिसमें कलियुगाब्द 5123-24, विक्रम संवत 2079-80 शके 1944-45 लिखा हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य में केन्द्रित खगोलीय गणनाओं पर आधारित इस हिन्दी पचांग में खगोलीय गणनाओं पर केन्द्रित एवं पचांग के सभी पांच अंगों मसलन तिथि, वार, नक्षत्र, करण और योग के साथ-साथ संवत्सर, अयण, ऋतु, मास, पक्ष, संक्रान्ति, संक्रमण काल में ग्रहस्थिति, पर्व, त्यौहार, व्रतादि के अलावा प्रत्येक दिन के सूर्योदय सूर्यास्त व चन्द्रोदय-चन्द्रास्त तथा चौघडिय़ों की जानकारी दी गई है। इसका बाजार मूल्य 70 रुपए दर्शाया गया है। इस कैलेंडर में सनातनी दृष्टिकोण की वह सूक्ष्मतम व्याख्या है जिसमें पंचांग के प्रत्येक घटकों का शास्त्रीय और वैज्ञानिक सामंजस्य समाहित है। इसमें अंग्रेजी तारीखों के साथ हिंदी तिथियों से युक्त एक अभिनव प्रयोग है।