महासमुन्द
अब वह प्रतिदिन स्कूल जा सकेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जनवरी। दिव्यांगजन डोर-टू-डोर सर्वेक्षण कार्य का औचक निरीक्षण सह सत्यापन हेतु समाज कल्याण विभाग की जिला स्तरीय टीम का सत्यापन दौरा जनपद पंचायत सरायपाली के ग्राम पंचायत प्रेतनडीह में किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत भवन प्रेतनडीह में सर्वेक्षण एजेंसी के ब्लॉक कोआर्डिनेटर एवं सर्वेयर की बैठक ग्राम पंचायत सरपंच एवं पंचायत सचिव की उपस्थिति में जिला प्रभारी संगीता सिंह ने ली।
निरीक्षण के दौरान सर्वे एजेंसी द्वारा तैयार की गई सर्वे सूची का निरीक्षण किया गया तथा विभाग को प्रस्तुत की गई। भ्रमण के दौरान खीर सागर नाग जो एक मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चा है, से मुलाकात हुई। वह बिस्तर पर ही दैनिक क्रियाकलाप करता है लेकिन आधुनिक मोबाईल फोन को अपने पैर की उंगली से फ र्राटेदार चलाने में सक्षम है। उक्त बालक के लिए उप संचालक ने व्हील चेयर प्रदाय करने हेतु विभागीय कर्मचारियों को आदेशित किया।
उनके आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कल उसके घर जाकर कर्मचारियों ने उसे व्हील चेयर प्रदान किया। खीर सागर नाग का सर्वे शिक्षा अभियान के तहत स्कूल में दाखिला है। इस तरह अब वह व्हील चेयर से प्रतिदिन स्कूल जा सकेगा। उक्त व्हील चेयर पाकर बालक खीर सागर नाग एवं उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खीर सागर के परिवार ने उप संचालक का आभार प्रकट किया है।