महासमुन्द

कमांडो फोर्स प्रशिक्षण के बाद गांव लौटे संजीव, आत्मीय स्वागत
04-Jan-2023 6:55 PM
कमांडो फोर्स प्रशिक्षण के बाद गांव लौटे संजीव, आत्मीय स्वागत

महिलाओं ने उतारी आरती, सेल्फी लेने होड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 4 जनवरी। क्षेत्र के एक ग्राम का युवक संजीव कुमार बरिहा पांच साल भारतीय सेना में सेवा देने के बाद पैरा कमांडो के प्रशिक्षण के बाद कुछ समय के लिए ग्राम लौटने पर ग्रामीणों ने संजीव का स्वागत एक हीरो की तरह धूमधाम से किया गया। स्वागत देखकर अब ग्राम एवं क्षेत्र के अनेक युवा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखाई दे रहे है।

मंगलवार को कसडोल विकासखण्ड एवं पिथौरा नगर के समीप के वन ग्राम चरोदा निवासी संजीव बरिहा पैरा कमांडो फोर्स के प्रशिक्षण के बाद कुछ समय परिवार के साथ बिताने के लिए वापस अपने ग्राम लौटा। संजीव के बचपन के बचपन के मित्र किशोर प्रधान ने बताया कि बरिहा के ग्राम आने की खबर ग्रामीणों को मिलते ही पूरे ग्राम में उत्साहमिश्रित खुशी की लहर दौड़ गयी।

पूरा ग्राम स्वागत के लिए उमड़ पड़ा और महिलाएं आरती की थाल सजाकर एवं ग्रामीण ताजे फूलों की माला लेकर ग्राम के मुहाने पहुंच गए। ग्राम का माहौल एक उत्सव जैसा लग रहा था। जैसे ही संजीव पिथौरा से ग्राम गबोद पहुंचे ग्राम के मुहाने पर ही उन्हें फूल मालाओं से लाद कर उनका उत्साह से स्वागत किया गया।

महिलाओं ने उतारी आरती, सेल्फी लेने होड़

संजीव के ग्राम के मुहाने पर ही पहुंचने पर ग्रामीणों के स्वागत के साथ महिलाओं ने उनकी आरती उतारी। संजीव के ग्रामीण मित्र मंडली उनसे गले मिलकर भावुक हो रहे थे। वहीं ग्राम के युवक-युवतियों की संजीव सेल्फी लेने की होड़ लगी थी।

किसान पुत्र है संजीव बरिहा

संजीव बरिहा के पिता घूरेलाल बरिहा मूलत: कृषक है। दो भाइयों में संजीव बड़ा है। इनका भारतीय सेना में 5 वर्ष पूर्व चयन हुआ था। लगातार सेना में सक्रिय सेवा देने के बाद इनका चयन पैरा कमांडो के पद पर हुआ। अब वे पूरा कमांडो का प्रशिक्षण भी पूर्ण कर चुके है। उक्त पद पर नियुक्त होने के पूर्व वे मंगलवार को अपने परिवार के बीच कुछ दिन बिताने गृह ग्राम गबोद आए हंै।


अन्य पोस्ट