महासमुन्द
महासमुंद, 3 जनवरी। भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, राष्ट्रीय अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास तथा छग प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं छग युकां प्रभारी पलक वर्मा, सह प्रभारी इकबाल ग्रेवाल, प्रियंका सरसार के अनुमोदन पर युवा कांग्रेस कार्यात्मक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश सचिव को संभाग एवं जिला एवं विधानसभा का प्रभार दिया गया। साथ ही प्रभारी महामंत्री संगठन एवं प्रभारी महामंत्री प्रशासन की भी नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में निखिलकांत साहू को जिला दुर्ग ग्रामीण युवा कांग्रेस के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निखिलकांत साहू वर्तमान में नगर पालिका महासमुंद लोक निर्माण विभाग सभापति व वार्ड.29 के पार्षद हैं। श्री साहू पूर्व में युकां महासमुंद विधानसभा अध्यक्ष पद व विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन के कार्यों में लगातार सक्रिय रहे और कुछ माह पूर्व प्रदेश महासचिव के पद पर निर्वाचित हुए थे। चर्चा है कि निखिलकांत के जमीनी कार्यशैली और रचनात्मक प्रबंधन को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। निखिलकांत साहू नगर पालिका महासमुंद के पूर्व उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोजकांत साहू के सुपुत्र हैं। प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर युवा कांग्रेस जिला महासमुंद के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है।