महासमुन्द
छोड़ा जाएगा बार नयापारा अभ्यारण के जंगलों में
महासमुंद,1 जनवरी। नगर सरकार तुंहर द्वार भ्रमण के दौरान नागरिकों से मिली शिकायत और 10 दिनों के अल्टीमेटम के बावजूद सुअर पालकों द्वारा शहर भर आवारा घूम रहे सुअरों को किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं किए जाने के फलस्वरूप सोमवार से नगर पालिका के छह सदस्यीय टीम सुअरों की धरपकड़ करेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग और पार्षदों की मौजूदगी में सुअर पालकों की बैठक लेकर समझाईश तथा 10 दिनों का समय दिए जाने के बाद भी शहर की गलियों में आवारा घूम रहे सुअरों को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग और पालिका टीम पांच दिनों में 10 वार्डों का नगर सरकार तुंहर द्वार के तहत भ्रमण किया गया। सभी वार्डों में आवारा विचरण करने की नागरिकों ने जमकर शिकायत की। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने स्वास्थ्य प्रभारी दिलीप चंद्राकर के नेतृत्व में 6 लोगों की एक टीम गठित की। यह टीम सोमवार से शहर के हर वार्डों का भ्रमण करेंगी और आवारा विचरण करने वाले सुअरों की धरपकड़ करेंगी। पकड़े गए सुअरों को बार नयापारा अभ्यारण के जंगलों में छोड़ा जाएगा।
नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कहा कि कुछ सुअर पालकों के कारण पूरे शहर के नागरिक परेशान हो रहे हैं। यहीं नहीं आज कल सुअर हमलावर हो गया है। राहगीरों को काटने के लिए दौड़ा रहे हैं। उन्होंने सुअर पालकों को अपने सुअरों को व्यवस्थित रखने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान प्रत्येक वार्डों में लोगों ने सुअरों की समस्या बताई है।
ऐसे में नगर पालिका की जिम्मेदारी है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि धरपकड़ के दौरान सूअरों की मौत भी हो जाए तो इसके लिए नगर पालिका जिम्मेदार नहीं होगी।