महासमुन्द

आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल से हस्ताक्षर करने का आग्रह किया एनएसयूआई ने
31-Dec-2022 2:48 PM
आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल से हस्ताक्षर करने का आग्रह किया एनएसयूआई ने

छत्तीसगढ़ संवाददाता 
महासमुंद, 31 दिसंबर
। एनएसयूआई ने पत्रकारवार्ता कर आरक्षण विधेयक पर राज्य के युवाओं के भविष्य को देखते हुए राज्यपाल से तत्काल हस्ताक्षर करने का आग्रह किया है।

महासमुंद यूथ कांग्रेस का कहना है-हमारी सरकार ने सर्वसमाज के हितों के लिये एक आरक्षण विधेयक विधानसभा से पारित करवा कर राजभवन भेजा है। दो दिसंबर से यह विधेयक राजभवन में लंबित है। इस विधेयक में एसटी 32 प्रतिशत, एससी 13 प्रतिशत, ओबीसी 27 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस 4 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। इस विधेयक को राजभवन गये आज 28 दिन हो गया है, लेकिन भाजपा के इशारे पर राज्यपाल आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं कर रही है। इसलिए हमने निर्णय लिया है कि एन एस यू आई और आई वाली सी आरक्षित वर्ग के छात्रों, बेरोजगार युवाओं की आवाज को राजभवन तक सीधे पहुंचाने के लिये सेतु का काम करेगी। इसीलिए आज हम इस पोस्टकार्ड अभियान को लांच कर रहे हैं, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों के बाहर हम ‘छात्र युवा अधिकार आग्रह केंद्र’  खोलेंगे। जहां पर प्रदेश के छात्र- युवा राज्यपाल जी के समक्ष अपनी पीड़ा साझा करते हुए पोस्ट कार्ड लिखेंगे, शहरों, कस्बों से युवा राजभवन राज्यपाल को पत्र भेजेंगे, जिसमें शीघ्र आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर करने का आग्रह है जिन्हें हम संग्रहित कर डाक खाने के माध्यम से राजभवन तक पहुंचाने का काम करेंगे।

कल इस बाबत एक प्रेस कांफ्रेंस आहुत कर एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष शहबाज रिजवानी, शहर अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने कहा कि आगामी 3 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में आयोजित जन अधिकार महारैली से पहले हम इस माध्यम से राज्यपाल को आग्रह करना चाहते हैं कि प्रदेश के भविष्य को देखें और भाजपा के इशारे पर काम न करें। आरक्षण विधेयक पर राज्य के युवाओं के भविष्य को देखते हुये तत्काल हस्ताक्षर करें।

अगर छात्र-युवाओं के आग्रह की अनदेखी की गयी तो 3 जनवरी को रायपुर की सडक़ों पर ऊर्जा और उद्घोषों का संचार देखने को मिलेगा। प्रदेश के युवा जन अधिकार रैली में बढ़-चढक़र भाग लेंगे।

 


अन्य पोस्ट