महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 28 दिसंबर। गुरूसिंघ सभा खालसा दल द्वारा गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों की शहादत की याद में आयोजित शिविर में करीब 212 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान पिथौरा समाज सिख समाज द्वारा रक्तदाताओं की सेवा भी की गई।
सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह, फतेह सिंह की शहादत पर शहीदी सप्ताह का आयोजन किया गया। आयोजन में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
नगर में सोमवार को आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्र के 212 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में सिख समाज के अलावा राजनीतिक, व्यापारी एवं अधिकारियों वर्ग ने भी रक्तदान किया।
युवाओं में रक्तदान का उत्साह
युवा खालसा दल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह रहा। सर्वाधिक रक्तदान भी नगर के युवाओं ने ही किया, इसके अलावा क्षेत्र के सभी धर्म के लोग सुबह से ही रक्तदान टीम के आने का इंतजार करते रहे। रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की रक्त वाहन पहुंचते ही रक्त देने होड़ लगी रही। महिलाओं ने भी भारी संख्या में रक्तदान किया।