महासमुन्द
महासमुंद, 28 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की पंचम विधान सभा का पंद्रहवां सत्र आगामी 2 से 6 जनवरी तक आहुत किया गया है। सत्र के दौरान विभागों से सम्बन्धित विधान सभा प्रश्न ध्यानाकर्षक सूचना, शून्यकाल सूचना एवं स्थगन प्रस्ताव आदि प्राप्त होते है। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कार्यालय में विधानसभा प्रश्नोत्तर प्रकोष्ठ का गठन तत्काल करें एवं प्रभारी अधिकारियों, कर्मचारियों का पदनाम, कार्यालय एवं निवास का दूरभाष नंबर, फैक्स नंबर एवं मोबाईल नंबर की जानकारी भेजे। इसके अलावा विभाग एवं शाखा से संबंधित विधान सभा प्रश्नों की छायाप्रति के साथ शासन को प्रेषित उत्तर मय पूरक जानकारी की प्रति कार्यालय कलेक्टर विधानसभा प्रकोष्ठ को निर्धारित परिशिष्ट के साथ इलेक्ट्रॉनिक प्रति (सी.डी.) में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।