महासमुन्द

रबी में 3 हजार एकड़ रकबे में पानी देने का लक्ष्य
27-Dec-2022 7:08 PM
रबी में 3 हजार एकड़ रकबे में पानी देने का लक्ष्य

महासमुंद, 27 दिसंबर। खरीफ फसल के बाद अब किसान रबी फसल की तैयारियों जुट गए हैं, जिसके लिए किसान पानी देने आवेदन कर रहे हैं। जल संसाधन विभाग ने रबी फसल के लिए पानी छोडऩे 3 हजार एकड़ का लक्ष्य तैयार किया है ।

विभाग के अनुसार रबी फसल के लिए पानी की मांग को लेकर लगातार आवेदन आ रहे हैं। इसके लिए गांव-गांव में किसानों की बैठक लेकर कार्ययोजना बनाई जा रही है । वर्तमान में कोडार बांध में लगभग 49 प्रतिशत पानी है। जिन गांवों से पानी के लिए आवेदन आए हैं उन गांवों का सर्वे भी किया जा रहा है, बाद वहां पानी छोड़ा जाएगा।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता पी आर विश्वकर्मा ने बताया कि कोडार बांध के आरबीसी व एलबीसी गेट से नहर के माध्यम से क्षेत्र में पानी छोड़ा जाता है। हर साल गेट में बदलाव किया जाता है। वर्ष 2020-21 में आरबीसी से पानी दिया गया था वहीं गत वर्ष  कोडार में पानी की कमी के चलते रबी फसल के लिए पानी ही नहीं छोड़ा जा सका।

इस साल एलबीसी गेट के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुस्की, बेमचा, परसदा, बनसिवनी, सोरिद, कांपा, कौंदकेरा और नयापारा के किसानों को रबी फसल के लिए पानी दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही है।

पानी के सदुपयोग के लिए अपील

कार्यपालन अभियंता पीआर विश्वकर्मा ने बताया कि रबी फसल के लिए किसान पानी की मांग कर रहे हैं।

विभाग भी तैयारियों में जुटा है। किसानों के आवेदन भी आ रहे हैं। ऐसे में विभाग पानी के सदुपयोग की अपील भी किसानों से की जा रही है। उन्हें जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जैसे ही किसान रबी फसल के लिए  खेतों को तैयार करेंगे, वैसे ही पानी छोड़ा जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र के तालाबों को भी कोडार के पानी से भरा जाएगा।


अन्य पोस्ट