महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 27दिसंबर। कलेक्टर निलेश क्षीरसागर के निर्देश पर कल सोमवार को शहर की मिठाई दुकानों में विधिक मापविज्ञान नापतौल विभाग की टीम ने दबिश दी।
विधिक मापविज्ञान निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे ने बताया कि उपभोक्ताओं की लगातार मिलती शिकायतों के चलते सोमवार को विभागीय टीम द्वारा शहर के विभिन्न मिठाई दूकानों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिक्चर नमकीन के अमानक पैकेजों जिन पर निर्माता का नाम, पता, कस्टमर केयर नम्बर, एमआरपी, नेट मात्रा आदि अंकित नहीं पाई गई, उन पर विभाग द्वारा जब्ती की गई।
इसके अलावा मिठाई को डब्बे सहित तौल कर देने वाले दुकानदारों पर प्रकरण दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि अक्सर दुकानदार ग्राहकों को मिठाई बेचते समय डब्बे का भी वजन शामिल कर लेते हैं जिससे ग्राहकों की जेब पर चपत लगती है। इसके साथ ही बिना सत्यापन वाले तराजू बाट इलेक्ट्रॉनिक मशीनों पर भी जप्ती कार्रवाई की गई। निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे ने बताया कि आगे भी उक्त कार्यवाही जारी रहेगी।