महासमुन्द

4 साल पहले ग्रामीण सेवा समिति मामाभांचा खल्लारी में चोरी का खुलासा, नजदीकी गांव के दो गिरफ्तार
23-Dec-2022 3:54 PM
4 साल पहले ग्रामीण सेवा समिति मामाभांचा खल्लारी में चोरी का खुलासा, नजदीकी गांव के दो गिरफ्तार

चोरी के रुपए खाने पीने में उड़ा दिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 दिसंबर।
आज से 4 साल पहले ग्रामीण सेवा समिति मामाभांचा खल्लारी में हुई चोरी का खुलासा महासमुंद पुलिस ने किया है। पुलिस ने नजदीकी गांव पचेड़ा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2018 को प्रार्थी रूपलाल साहू साकिन मामाभांचा ने थाना खल्लारी आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि-17 मई को 2018 को सोसायटी के लॉकर में ताला बंदकर शाम को 4 बजे मैं लॉकर को बंदकर बागबाहरा गया था। सोसायटी में रात्रि का चौकीदार लखनलाल ध्रुव एवं दिन का चौकीदार चपरासी हरखराम कन्नौजे था। दूसरे दिन 18 मई को सुबह करीब 6 बजे हरखराम कन्नौजे मेरे घर में आया और बताया कि सोसायटी का ताला टूटा है, बिजली बंद है, ऑफिस में रखे लॉकर गायब हैं। इसके बाद मैंने समिति के संचालक मण्डल के साथ सोसायटी कार्याय पहुंचकर देखा कि वास्तव में बिजली का वायर कटा है, ताला गायब है, मेन गेट का ताला व सोसायटी का ताला टूटा है। भीतर में देखा तो लॉकर भी गायब मिला। उक्त लाकर में शासकीय रकम 74 हजार 297 रुपए नगद रखा गया था, जो गायब मिला।

प्रार्थी की लिखित रिपोर्ट पर थाना खल्लारी में अपराध क्रमांक 94-22 धारा 457, 380 भादवि पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने जिले में घटित पुरानी चोरियों की घटना को गंभीरता से लेते हुये सायबर सेल एवं जिले के समस्त थाना चौकी प्रभारियों को टीम आरोपियों की पता तलाश करने हेतु निर्देशित किया। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पचेड़ा के ग्रामीण मानिक गायकवाड़ को उक्त चोरी में शामिल होने की संदेह जाहिर करते हैं। पुलिस ने ग्राम पचेड़ा पहुंचकर संदेही मानिक से पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपने साथी रवि आवड़े पचेड़ा निवासी के साथ मिलकर 17-18 मई की दरमियानी रात ग्रामीण सेवा सहकारी समिति ग्राम मामाभांचा में ताला तोडक़र अंदर रखे लाकर की चोरी की है। उसने बताया कि ताला तोडक़र सोसायटी कार्यालय में घुसने के बाद लाकर काटकर उसमें अंदर रखे नगद राशि 74 हजार 297 रुपए की चोरी की और आपस में बांट लिया। इस बयान पर पुलिस ने मानिक गायकवाड़, और रवि आवड़े को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुुक्त साइकिल एवं चोरी गये लाकर, चोरी में उपयोग किये गये गैती एवं कटर मशीन जप्त किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किये गये रकम को खाने पीने में खर्च कर दिया। दोनों आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्य सबूत के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
 


अन्य पोस्ट