महासमुन्द
महासमुंद, 23 दिसंबर। वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शीतकालीन सत्र के तहत 19 से 21 दिसंबर तक विद्यार्थियों के बीच तीन दिवसीय वार्षिक क्रीडा स्पर्धा आयोजित की गई। खेल प्रारंभ करने की घोषणा मुख्य अतिथि शाला के मैनेजर रेव्ह. फादर जार्ज कवालम के आतिथ्य में प्राचार्य रेव्ह फादर देवानंद बाघ ने किया। खेल में सफलता की कामना करते हुए एक दूसरे के साथ खिलाड़ी भावना से खेलने के संदेश उन्होंने दिए।
प्राचार्य ने अपने उदबोधन में कहा कि खेल मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे हमारे शरीर का ना केवल शारीरिक मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है अपितु यह हमारे जीवन को रोजगारोन्मुखी भी बनाता है। सर्वप्रथम शाला नायिका पलक राठी एवं शाला नायक राहुल चंद्राकर, ब्लू हाउस, ग्रीन हाउस, रेड हाउस एवं यलो हाउस की टीमों ने इस दौरान आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया। इस प्रतियोगिता में फ्लेट रेस, व्हील रेस, शाटपुट, लांगजम्प, स्लो साइकल रेस, सेकरेस, बेलेंस रेस, स्पून रेस, म्यूजिकल चेयर, स्कीपिंग का खेल आयोजित हुआ।
इन खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समय-समय पर होने वाले विभिन्न खेल अनुशासन एवं ग्रुप नेतृत्व में यलो हाउस वीनर रहा एवं ग्रीन हाउस रनर्सअप रहा। समस्त खेल बड़ा ही आकर्षक, मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक रहा। जिसका आनंद समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उठाया। समस्त प्रतियोगिता में क्रीड़ा प्रभारी छन्नूलाल साहू एवं वरिष्ठ शिक्षक अवनीश वानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके साथ ही हाउस मास्टर ए हाउस मिस्ट्रेस हाउस कप्तान एवं उप कप्तानों तथा समस्त शिक्षकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
मंच प्रभारी वरिष्ठ शिक्षिका हुमैरा जबीन, गायत्री वडेरा, मिताली जैन, प्रदीप्ति चांडक थे। शाला के प्राचार्य ने खेलों के सफल संचालन के लिए खेल प्रतिभागियों तथा सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


