महासमुन्द

302 दिनों से करणीकृपा स्टील, पावर प्लांट का विरोध करते किसानों संग बैठक बेनतीजा
23-Dec-2022 2:37 PM
 302 दिनों से करणीकृपा स्टील, पावर प्लांट का विरोध करते किसानों संग बैठक बेनतीजा

छत्तीसगढ़ संवाददाता 
महासमुंद, 23 दिसंबर।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की ओर से किसान सत्याग्रहियों को बैठक में आमंत्रित किया गया। इस बैठक में जिलाधीश नहीं पहुंचे थे, लेकिन सत्याग्रही किसान जरूर पहुंचे थे। इन किसानों ने जिलाधीश की अनुपस्थिति में बैठक का विरोध किया और कहा कि अगली बार जब जिलाधीश खुद हमें सुनने बैठक आहुत करेंगे तभी हम बैठेंगे। इस तरह जिलाधीश महासमुंद के बैठक में उपस्थित नहीं होने के चलते समन्वय समिति यह बैठक बेनतीजा रहा। 

मालूम हो कि जिले के कई गांवों के किसान पिछले 302 दिनों से करणीकृपा स्टील एवं पावर प्लांट का विरोध कर रहे हैं। हाल ही में भेंट मुलाकात के लिए महामसुंद पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला प्रशासन को किसानों के साथ मिलकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। लिहाजा कल जिला प्रशासन ने यह बैठक आहुत किया था।  हाईवे स्थित खैरझिटी,कौंवाझर,मालिडीह के कृषि भूमि,गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगाने के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से क्षेत्र के किसानों का छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह चल रहा है। 

कल अखंड धरना सत्याग्रह के 302 वें दिन धान कटाई मिंजाई की व्यस्तता के बाद  भी लगभग 35 किसान, जवान और महिला किसानों ने भाग लिया।

22 दिसम्बर को पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद में समन्वय बैठक में किसान मोर्चा की ओर से आदिवासी किसान नेता अशोक कश्यप, नंदकिशोर यादव,नंदलाल सिन्हा, चैनुराम साहू,तारेंद्र यादव,उप सरपंच उदयराम चंद्राकर, डिगेश्वरी चंद्राकर, राधबाई सिन्हा, नीरा ध्रुव,  सरपंच ननकुनिया पारधी तथा प्रशासन की ओर से एडीएम महासमुंद, एएसपी महासमुंद, नायब तहसीलदार पटेवा, एसडीओपी महासमुंद, थाना प्रभारी तुमगांव, करणी कृपा कंपनी प्रबंधन की ओर से निर्णय चौधरी, प्रशांत खेतान, अंकित चौधरी उपस्थित थे। इस तरह जिलाधीश महासमुंद बैठक में उपस्थित नहीं होने के चलते समन्वय बैठक बेनतीजा रहा। 

 


अन्य पोस्ट