महासमुन्द
बहला-फुसलाकर भगा ले गए, बेचने की तैयारी थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22 दिसंबर। महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बिहार प्रांत से अपहृत नाबालिग बालक-बालिका की बरामदगी की है। पुलिस का कहना है कि बिहार के मजदूरों ने नाबालिग को प्रलोभन दिया और बहला-फुसलाकर भगा ले गए थे। नाबालिग की उम्र 15 वर्ष है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर शेख आरिफ हुसैन के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में महासमुंद जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग बालक-बालिका की बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी निर्देश के तहत जिसके तहत थाना महासमुंद के मामले में अपहृता नाबालिक बालिका एवं अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस टीम तैयार किया गया। थाना महासमुंद पुलिस ने मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए सक्रियता पूर्वक कोमाखान एवं महासमुंद क्षेत्र में ग्रामीणों से लगातार पूछताछ किया। इस दौरान महासमुंद एवं कोमाखान क्षेत्र में पानी टंकी का काम करने वाले बाहर राज्य के मजदूरों के आगमन की जानकारी मिली। तब ज्ञात हुआ कि घटना दिनांक के आसपास बिहार से कुछ मजदूर पानी टंकी का काम करने के लिए जिला महासमुंद आए थे।
जानकारी मिलते ही बिहार के मजदूरों की जानकारी जुटा तत्काल पुलिस की एक टीम तैयार कर बिहार भेजा गया। बिहार में मजदूरों के निवास स्थान के आसपास लगातार नजर रखकर स्थानीय लोगों एवं पुलिस की सहयोग से रेड कार्रवाही करके 15 वर्ष की नाबालिक बालिका को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया। पूछताछ नाबालिग बालिका ने जानकारी दी कि आरोपी उसे प्रलोभन देकर बहला फुसलाकर भगा कर ले आया है। यहं उसे बंधक बनाकर रखा गया और बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।
मामले में आरोपियों के विरुध्द अपराध सबूत पाए जाने पर आरोपी विजय गोस्वामी उम्र 25 वर्ष साकिन माझी, सन्नी देवल गोस्वामी, अनिसा देवी गोस्वामी उम्र 20 वर्ष, भूषण गोस्वामी उम्र 30 वर्ष साकिन सभी छपरा बिहार को गिरफतार कर जेल भेजा गया है।
इस प्रकार महासमुंद पुलिस टीम ने बिहार से नाबालिग को सकुशल वापस लाया है। यह सम्पूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महासमुंद मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी गरीमा दादर, तात्कालिक थाना प्रभारी निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, उप निरीक्षक कपिश्वर पुष्पकार, प्रआर 177 प्रकाश सिंह ठाकुर, प्रआर 97 आबिद खान, प्रआर 215 माधो राम यादव, प्रआर 114 जसिन्ता एक्का, आर. 467 हेमंत पटेल, आर. 802 कृष्णकांत रजक, मआर 567 सीमा ध्रुव, थाना सिटी कोतवाली महासमुंद एवं आर. 304 अजय जांगड़े सायबर सेल के द्वारा की गई है।