महासमुन्द
प्रतिदिन चढ़ावा 2 लाख पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 दिसंबर। नगर के समीप ग्राम किशनपुर में निकले स्वयंभू शिवलिंग की अफवाह पर ग्रामीणों की आस्था भारी पड़ रही है। रविवार की सुबह से किशनपुर में कोई 50 हजार श्रद्धालु हजारों मालवाहक एवं अन्य वाहनों से पहुंच चुके है। शिवलिंग दर्शन अब पूरी तरह व्यवसायिक हो गया है, लिहाजा प्रतिदिन चढ़ावा दो लाख पार कर गया है।
रविवार प्रात: से ही पुलिसिया कार्रवाई से बेखौफ मालवाहक ठसाठस भरकर किशनपुर जाते देखे जा सकते है। हालात इतने बिगड़ चुके है कि अब पुरानी खटारा मालवाहक में भी लोग भारी भीड़ में जाते दिख रहे हैं। एक ओर जहां नारियल का ढेर बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कथित शिवलिंग स्थल पर लोगों के मिट्टी ले जाने से वहां एक गड्ढा बन गया है, जिसमें जेसीबी से काली मिट्टी डाल कर भरा जाता है। यह गड्ढा लगातार खाली होना जारी है।
अवैध वसूली
कुछ ग्रामीणों द्वारा किशनपुर पहुंच रही वाहनों एवं दुकानदारों से अवैध वसूली पार्किंग के नाम से की जा रही है, जिसके कारण प्रतिदिन विवाद की स्थिति बन रही है। विगत गुरुवार को अवैध वसूली को लेकर पड़ोस ग्राम खैरखुटा के ग्रामीणों से विवाद भी हुआ था, जिसे पुलिस ने आपसी समझौता कराकर निपटा दिया था।
प्रतिदिन लाखों का चढ़ावा
ग्रामीणों ने उक्त मामले में बताया कि वर्तमान में शिवलिंग दर्शनार्थियों से मोटी रकम चढ़ोत्तरी के रूप में मिल रही है। प्रतिदिन सामान्य दिनों में भी कोई 10 हजार से अधिक दर्शनार्थी यहां पहुच रहे है, जिनका चढ़ावा ही 1 लाख से अधिक है, जबकि पार्किंग वसूली, माथे पर चंदन लगाने के काम में भी हजारों रुपये की आवक प्रतिदिन हो रही है।
पुलिस बनी मूकदर्शक
पूरे मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका शून्य दिखाई दे रही है। किशनपुर के हालात देखकर कभी भी पुलिस भीड़ को गंभीरता से लेते नहीं दिखी।
अवैध शराब बिक्री भी
दूरदराज क्षेत्र से आनेवाले शौकीनों के लिए कथित शिवलिंग मेले में अवैध शराब की जोरदार बिक्री जारी है। अवैध शराब बिक्री के चलते अब व्यवस्थाभी गड़बड़ाने लगी है, लिहाजा आज सुबह उमड़ी भीड़ ने मंदिर समिति द्वारा लगाये बेरिकेट्स ही तोड़ डाले।
यूट्यूबरों ने बनाया माहौल
ग्रामीण बताते है कि उक्त अफवाह को हकीकत का रूप देने में ग्रामीण क्षेत्र के कुछ यूट्यूबर ने आग में घी डालने का काम किया। कथित शिवलिंग को प्रकट बताकर अनेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए, जिसका परिणाम यह हुआ कि स्थानीय ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर यह अफवाह इस कदर फैली कि लोग दूर-दूर से दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब इस बात की आवश्यकता है कि अंधश्रद्धा उन्मूलन को यहां पहुंच कर अपना काम करना चाहिए।