महासमुन्द

मुख्यमंत्री का अभिवादन, बोले-शेर गांव के जम्मो शेर अउ शेरनी मन ल जय जोहार
16-Dec-2022 3:31 PM
मुख्यमंत्री का अभिवादन, बोले-शेर गांव के जम्मो शेर अउ शेरनी मन ल जय जोहार

जवाब में जन समूह ने कका जय जोहार गा... कहकर स्वागत किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 दिसंबर।
गुरुवार की दोपहर महासमुंद जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव शेर में मुख्यमंत्री की भेंटवार्ता शुरू हई। यहां उन्होंने स्पेशल उद्घोषणा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
कहा-शेर गांव के जम्मों शेर अउ शेरनी मन ल जय जोहार। जय जोहार कका के साथ उपस्थित जन समूह ने कका जयजोहार गा कहकर उनका स्वागत किया। तभी भीड़ में से किसान कृष्णा ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे एक साल से वर्मी खाद उपयोग कर रहे हैं। वर्मी खाद के उपयोग से उपज बहुत बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने पूछा वर्मी खाद के उपयोग करने से जमीन में क्या सुधार अनुभव किया? कृष्णा ने बताया कि अब जुताई बहुत आसानी से हो रही है। जमीन बहुत नरम हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धरती माता की सेवा है। वर्मी कंपोस्ट वाले खेत की जमीन नरम रहती है यही अंतर है।

भीड़ में से रूपा साहू ने बताया कि समूह में दस लोग हैं। तीन साल से वर्मी खाद बना रहे हैं। तीन लाख बीस हजार रुपए कमाए हैं।
समूह की सभी बहनों को इसका फायदा मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं भी अब परिवार चलाने में आर्थिक सहयोग दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें बकरी पालन करने को भी कहा। ललिता ध्रुव ने बताया कि उन्हें 75 डिसमिल का वन अधिकार पट्टा मिला है। जिसे सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें जमीन का रजिस्ट्रेशन कराने कहा।

मुख्यमंत्री ने ग्राम शेर में जो घोषणाएं भेंट मुलाक़ात कार्यक्रम के दौरान की उसमें ग्राम मोहकम निवासी मिथलेश को उनकी नन्हीं बिटिया वर्षा के उसके इलाज के लिए हर संभव मदद की घोषणा भी शामिल हैं। मिथलेश ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्षा अभी 4 वर्ष की है। बचपन से ही उसके चेहरे का पूर्ण विकास नहीं हुआ है। बच्ची की आंखें कमजोर है और नाक अविकसित है। इस कारण उसे स्वास्थ्य की हमेशा परेशानी रहती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नन्हीं बिटिया वर्षा की तकलीफ  को समझते हुए तत्काल अधिकारियों को उसके इलाज के लिए हर संभव मदद देने निर्देश दिए और साथ ही पिता मिथिलेश को आश्वस्त किया कि उसके बच्चे का बेहतर से बेहतर इलाज होगा।

इस दौरान कक्षा पहली में पढऩे वाली भावना पटेल ने अंग्रेजी में शपथ पढ़़ी। उनकी मम्मी टिकेश्वरी पटेल ने मुख्यमंत्री श्री बघेल का धन्यवाद देते हुए बताया कि पति के स्वर्गवास होने के बाद वो सिलाई कार्य करके अपने परिवार के पालन पोषण के साथ-साथ बच्चे को पढ़ाना बड़ा ही मुश्किल लग रहा था। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के खुल जाने से हम गरीबों के बच्चों को भी अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाई कराने का सपना पूरा हुआ है।
 


अन्य पोस्ट