महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 दिसम्बर। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा द्वारा अपने चंद समर्थकों के द्वारा ओवरब्रिज निर्माण का श्रेय लेकर स्वयं का सम्मान व केंद्र सरकार को इस कार्य का श्रेय देना हास्यास्पद व निंदाजनक है। ओवरब्रिज निर्माण में किस नेता के समर्थकों के मुआवजे अधिक चाहते हुए निर्माण में विलंब हुआ यह सर्वविदित है। किसने इस विकास कार्य में बाधा खड़े करने का कार्य किया, यह भीमहासमुंद की जनता जानती है। उक्त बातें एक प्रेस नोट में नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने कही है।
श्रीमती महिलांग ने कहा है कि समर्थकों से कह कर ओवरब्रिज निर्माणकर्ता के रूप में खुद का सम्मान करवाना, केंद्र सरकार को इस कार्य की उपलब्धि बताना हास्यास्पद व निंदा जनक है। उनकी ही पार्टी के नेता पूर्व नपा अध्यक्ष ने बीते समय में मीडिया के माध्यम से ओवरब्रिज निर्माण में खलल डालने का आरोप प्रेस वार्ता में डा. चोपड़ा पर लगाये थे। पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा अपने विधायक कार्यकाल में नगर सहित पूरे क्षेत्र में ऐसी कोई भी विकास की उपलब्धि जनमानस को देने में पूरी तरह विफल रहे हैं।