महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवंबर। जिले में पोषण बाड़ी योजना के तहत जिले में पिछले वर्ष पोषण बाडिय़ों को चिन्हित कर योजना का क्रियान्वयन किया गया है। इनमें महासमुंद सहित विकासखंड बागबाहरा और सरायपाली में 785-785 पोषण बाड़ी का चयन किया गया। वहीं पिथौरा ब्लॉक में 783 व बसना में 784 पोषण बाडिय़ां चयनित की गई हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों द्वारा घर के पास ही उपलब्ध भूमि पर फल, सब्जी और फूलों की खेती करना ही सुराजी गांव योजना अंतर्गत बाड़ी की परिकल्पना का मुख्य आधार हैं।
सहायक संचालक उद्यानिकी आरएस वर्मा की मानें तो जिले में किसानों के घर के समीप 3922 बाडिय़ां चयनित की गई हैं। यहां स्थानीय जलवायु, वातावरण, पानी की उपलब्धता, मिट्टी और मौसम के अनुरूप उन्नत किस्म की साग-सब्जियां, फल लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है। इसमें आशा के मुताबिक सफलता भी मिल रही है। किसानों को विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों नीबू, आम, करोंदा, अमरूद, मुनगा, पपीता और कटहल आदि का वितरण किया गया है।
श्री वर्मा के मुताबिक यह योजना ग्रामीण कुपोषण मुक्ति में यह योजना कारगर साबित हो रही है। स्व उत्पादित फसल का उपयोग सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य है। बाजारों या कही अन्य जगह से खरीदी गई सब्जियां महंगी होती हैं। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि किसान स्वयं की खाली पड़ी जमीन, बाड़ी में सब्जियों की फसल उगाएं और ताजे रूप में इसका सेवन करें।
अतिरिक्त आय सब्जी की फसल बाड़ी में उगाकर, स्वयं के उपयोग के पश्चात किसान शेष उत्पाद का विक्रय स्थानीय बाजारों में कर रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आय की प्राप्ति हो रही है। ग्रामीण अब घर की बाड़ी से आत्मनिर्भर बन रहे हैं और अधिक आय अर्जित कर रहे हैं। पोषण बाड़ी योजना गोठान योजना का एक हिस्सा है। यह छत्तीसगढ़ सरकार की गोठान योजना का अंग है जो स्वयं नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी का अंश है।
इस योजना के तहत महिलाओं या स्वसहायता समूह और गांव के कमजोर वर्ग के परिवारों को जिनके घर पर बाड़ी के लिए जगह है, लेकिन बाड़ी की गतिविधि नहीं कर रहे हैं, उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए महासमुंद जिले में पोषण बाडिय़ों का चिन्हित कर योजना बनाई गई है। इन बाडिय़ों में सब्जी-भाजी के साथ लगभग 60 हजार फलदार पौधे भी रोपे जा रहे हैं। कृषि की दृष्टि के कम विकसित क्षेत्रों में नई तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के उपायों से जुड़े विभिन्न विषयों पर कृषि से जुड़े विभागों के जिला अधिकारियों द्वारा किसानों से चर्चा भी की जा रही है।