महासमुन्द

ऐतिहासिक तथ्य पुस्तकों, पांडुलिपियों, शिलालेखों आदि में प्रचुर मात्रा से उपलब्ध होते हैं-तिवारी
20-Nov-2022 3:36 PM
 ऐतिहासिक तथ्य पुस्तकों, पांडुलिपियों, शिलालेखों आदि में प्रचुर मात्रा से उपलब्ध होते हैं-तिवारी

 वल्लभाचार्य में इतिहास विभाग का व्याख्यान
 महासमुंद,20 नवंबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इतिहास विभाग द्वारा डॉ ई पी चेलक प्रभारी प्राचार्य, डॉ रीता पांडे, विभागाध्यक्ष इतिहास के संयोजन में व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान के मुख्य वक्ता डॉ एस एस तिवारी, विभागाध्यक्ष इतिहास शासकीय चंद्रपाल डड़सेना, शासकीय महाविद्यालय पिथौरा ने इतिहास में तथ्यों का महत्व एवं तथ्यों की व्याख्या विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि तथ्य इतिहास की आत्मा होते हैं। ऐतिहासिक तथ्य पुस्तकों, पांडुलिपियों, शिलालेखों आदि में प्रचुर मात्रा से उपलब्ध होते हैं, जो ठोस ,कठोर एवं यथार्थ के निकट होते हैं। 

उन्होंने कहा कि इतिहासकार का संबंध इतिहास से होता है और ऐतिहासिक तथ्यों को इतिहासकार ना बढ़ा सकता है ना घटा सकता है। इतिहासकार केवल उन्हीं तथ्यों को स्वीकार करता है जिसका संबंध वर्तमान से हो। तथ्य के बिना इतिहास अधूरा है। सभी तथ्य ऐतिहासिक नहीं होते। इतिहासकार जिन तथ्यों को स्वीकार करें उसे ऐतिहासिक तथ्य कहा जा सकता है। घटनाएं समाज में रहने वाले मनुष्य के कार्य एवं उपलब्धियों को ऐतिहासिक तथ्य के रूप में स्वीकार किया जाता है। उन्होंने व्याख्यान को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया और चीजों को याद रखने के लिए विभिन्न तरीके बताएं ।  कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुआ। सरस्वती वंदना कुमारी प्रज्ञा  ठाकुर एवं श्रद्धा साहू के द्वारा प्रस्तुत किया गया।

अतिथियों के स्वागत पश्चात प्रतिवेदन पठन प्रस्तुत करते हुए डॉ रीता पांडे ने व्याख्यान के उद्देश्य एवं  विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इतिहास में तथ्य एवं उसकी व्याख्या दोनों महत्वपूर्ण होती है। 

इतिहासकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है कि तथ्यों की निष्पक्ष व्याख्या कर जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करें। डॉ.ई पी चेलक प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि विषय विशेषज्ञों के द्वारा प्रस्तुत व्याख्यान कार्यक्रम एम ए प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा । 

इस अवसर पर डॉ.मालती तिवारी ने कहा कि पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों पर व्याख्यान का आयोजन बहुत ही लाभकारी होता है और निश्चित तौर पर तथ्यों एवं इतिहासकार के बीच घनिष्ठ संबंध होता है। उक्त अवसर पर बसंती मनोहर सोनवानी, तारिणी हीरा साहू आदि छात्र.-छात्राएं उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन सीमा रानी प्रधान सहायक प्राध्यापक हिंदी ने तथा आभार प्रदर्शन कुमारी मृणाली चंद्राकर अतिथि व्याख्याता इतिहास ने किया।

 


अन्य पोस्ट