महासमुन्द

महासमुंद के धान खरीदी के साथ-साथ उठाव भी तेज, समितियां खुश, खरीदी प्रभावित होने की संभावना कम
19-Nov-2022 2:34 PM
महासमुंद के धान खरीदी के साथ-साथ उठाव भी तेज, समितियां खुश, खरीदी प्रभावित होने की संभावना कम

अब तक 10 लाख क्विंटल से भी अधिक धान की खरीदी, 4 लाख क्विंटल का उठाव भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 नवंबर।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। पिछले 12 दिनों में जिले के 28 हजार किसानों से साढ़े 10 लाख क्विंटल से भी अधिक की धान खरीदी हो चुकी है। दूसरी ओर खरीदी के साथ जिले में उठाव भी जारी है जिसमें खरीदे गए धान में पौने 4 लाख क्विंटल का उठाव भी समितियों से हो गया है।

मालूम हो कि खरीदी के चार दिनों बाद ही समितियों से धान का उठाव शुरू हुआ है। इससे समितियां खुश हैंं। कुछ खरीदी केन्द्रों में धान उठाव के लिए पहले दिन पहुंचे ट्रक चालकों का समितियों ने हार पहनाकर मिठाईयां खिलाई। इस मामले में जिला सहकारी बैंक का कहना है कि अब तक कुल 28771 हजार किसानों से कुल 15 करोड़ 6 लाख 70 हजार 792 रुपए कीमत का 10 लाख 54 हजार 143 क्विंटल धान खरीदी की गई है। इसमें 9 लाख, 92 हजार 484 क्विंटल मोटा, 10 हजार 933 हजार क्विंटल पतला और 50 हजार 726 क्विंटल सरना धान खरीदा गया है।

महासमुंद जिले में सर्वाधिक धान कोमाखान समिति से 3 हजार 961 किसानों ने बेचा है। जबकि सबसे कम पिरदा समिति से 941 किसानों ने धान बेचा है। इसके साथ झलप से 2 हजार 479,  तेन्दूकोना से 2 हजार 133, तुमगांव से 1 हजार 316, तोरेसिंहा से 1 हजार 936,  पिथौरा से 1 हजार 970, बसना से 1 हजार 470, बागबाहरा से 2 हजार 420, भंवरपुर से 2हजार 596, महासमुंद से 2 हजार 232, सरायपाली से 3 हजार 395 और सांकरा से 1 हजार 990 किसानों ने धान बेचा है।

पिटियाझर के दशरथ, झालखम्हरिया के भोजराम और कोसरंगी समिति व्यवस्थापक देवेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि धान खरीदी शुरू होने के साथ समितियों के लिए सबसे बड़ी चिंता खरीदे हुए धान के उठाव की रहती है। समय पर उठाव शरू न होने से खरीदी प्रभावित होने से किसान के साथ उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पर इस बार खरीदी शुरू होने के साथ ही उठाव प्रारंभ होने से वे खुश हैं। उनका कहना है कि नियमित रूप से उठाव होने पर न ही केन्द्रों में जाम की स्थिति बनेगी और खरीदी भी प्रभावित नहीं होगी। जो समितियों के साथ- साथ किसानों के लिए भी अच्छी बात है।

जानकारी के अनुसार खरीदे गए धान में 3 लाख, 82 हजार 552 क्विंटल धान का उठाव हुआ है। इसमें 3 लाख, 69 हजार 602 लाख मोटा धान, 7 हजार 270 पतला और 5680 क्विंटल सरना धान धान का उठाव हुआ है।
इसमें 6लाख, 71 हजार 834 लाख क्विंटल धान केन्द्रों में उठाव के लिए शेष है।


अन्य पोस्ट