महासमुन्द
रायपुर से कटक के लिए रात में चलती है बस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 18 नवंबर। रायपुर से कटक के लिए चलने वाली रात्रि कालीन यात्री से भरी डॉल्फिन बस बुधवार की रात अनियंत्रित होकर खम्हारपाली बैरियर के पास पलटी,जिससे बस में सवार 4 यात्री घायल हो गए, जबकि शेष सवारियों को मामूली चोटें आई। घायलों को 108,112 वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली लाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर रायपुर रिफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रात्रि कालीन लग्जरी डॉल्फिन बस क्रमांक ओडी 05 एच 7165 रायपुर से लगभग 6 बजे कटक ओडिशा जाने के लिए निकली थी, एनएच-53 खम्हारपाली बैरियर के समीप भोथलडीह डीपा के पास रात्रि करीब 9 पहुंची थी कि सामने की ओर से आ रही ट्रक की लाइट ड्राइवर के आंख पर पड़ी जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए रोड के दूसरे छोर पर पलट गई।
गाड़ी इतनी स्पीड थी कि एक फिट डिवाइडर को पार करते हुए रोड के दूसरे छोर लगभग 50 मीटर तक बस रोड से घसीटाते हुए जा पलटी, जिसमें लगभग 45 से 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि उसमें से केवल 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए शेष यात्रियों को मामूली चोटें आई, वहीं यात्रियों की माने तो बस चालक को झपकी आने पर बस अनियंत्रित होकर पलटी है। बस पलटते ही अफरा-तफरी मच गई।
बस में फंसे लोगों को बचाने भोथलडीह के ग्रामीण के अलावा बैरियर में पदस्थ कर्मचारी व सरायपाली, सिंघोड़ा के पुलिस की मदद ली गई और 108 व 112 वाहन की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही थी, जिन्हें रायपुर रिफर किया गया है जबकि शेष घायलों को परिजन इलाज के लिए बरगढ़ ले गए हैं।
बस पलटने से बस में सवार प्रवीणो पति सहदेव (60) केंद्रोबाड़ा ओडिशा, जयप्रकाश पिता अक्षय (42),मोहदा कटक ओडिशा, परमनी पति दीपक (65)केंद्रोबाड़ा ओडिशा, तम्जिद अली पिता मजहर अली (53)कटक ओडिशा गंभीर रूप घायल हो गए जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली लाया गया।