महासमुन्द
जिला पंचायत मेंं सामान्य सभा की समीक्षा बैठक हुई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर। जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल की अध्यक्षता में कल सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में शिक्षा, महिला बाल विकास, सहकारिता और वन विभाग के जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ अन्य विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस आलोक ने विभागीय योजनाओं और कामकाज की जानकारी दी। ऊषा पटेल ने कहा कि राज्य शासन हर वर्ग के लिए कोई न कोई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। जिसका लाभ हर हितग्राही को मिले यह हम सब का दायित्व है। जिले में ख़ास कर ग्रामीण क्षेत्र में कोई स्कूल शिक्षक विहीन न रहे इस बात का विशेष तौर पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित मध्याह्न भोजन मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। बच्चों को गुणवत्ता शिक्षा मिले और उन्हें स्कूल में अच्छा वातावरण मिले, यह शिक्षकों का दायित्व है। सुगम आवाजाही के लिए बनायी जाने वाली सडक़
गुणवत्तापूर्ण हो इस बात का ख़ास ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिले में जो भी विकास के निर्माण कार्य चल रहे हो, उस में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी एस चन्द्रसेन ने शिक्षा विभाग की गतिविधियों के बारे में बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास समीर पांडे ने भी महिलाओं और बच्चों के लिए जिले में चल रही विभागीय गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में उपाध्यक्ष जिला पंचायत लक्ष्मण पटेल,समिति सदस्य और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।