महासमुन्द
किसानों को धान बेचने के लिए समिति पहुंचते ही मिली जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर। कलेक्टर महासमुंद के पास कल जिले के कुछ किसान पहुंचे और उन्होंने बताया कि ब्याज पर पैसा उधार देने वाले व्यक्ति ने रकम उधार देते वक्त किसानों की जमीन का कागजात गिरवी रखा और बाद में जमीन का बैनामा अपने नाम कर लिया है। किसानों को इस बात की भनक नहीं थी और पीडि़त किसानों ने अपने अपने खेत में धान का फसल लिया। किसानों को इस बात का पता तब चला जब वे सोसायटी में धान बेचने पहुंचे। आरोप है कि कर्ज देने वाले ने जमीन को अपने और अपने बेटों के नाम करा लिया है। ऐसे में किसानों की उपज नहीं खरीदी जा सकी है।
किसान नेता तेजराम विद्रोही के नेतृत्व में कलेक्टर महासमुंद को आवेदन देने आए पीडि़त किसानों दुलेश्वर सिन्हा, दाऊलाल चन्द्राकर, फुलेश्वरी निषाद, गोवर्धन यादव, ओमकार यादव, डिगेश चन्द्राकर, हेमेंद्र साहू, शुभाष चक्रधारी, चंदर सिंह, जलसिंह चक्रधारी, घनाराम नायक ने बताया कि महासमुंद जिले के ग्राम चरौदा निवासी खोजेन्द्र गिरी पिता अरिमर्दन गिरी गोस्वामी ब्याज का धंधा करता है। खोजेन्द्र किसानों को ब्याज में रुपए देकर उनकी जमीन की कागजात को अपने पास बंधक रखता है और किसानों को बंधक पत्र के नाम पर कुछ कागजात पर दस्तखत करवाता है।
किसानों के मुताबिक खोजेन्द्र गिरी द्वारा किसानों के बंधक रखे जमीन का फर्जी तरीके से बिक्री बैनामा बनाकर अपने नाम नामांतरण करवाने की जानकारी बहुत लोगों को बाद में हुई। क्योंकि आज तक किसान अपनी भूमि पर कास्तकारी करते फसल बोते आ रहे थे। लेकिन धान बेचने के लिए पंजीयन में जब किसानों का जमीन रकबा खसरा विलोपित हो गया, तब किसानों की जमीन खोजेन्द्र गिरी के पुत्रों खोवेन्द्र उर्फ राजन गिरी, संजय गिरी, डिकेश गिरी के नाम पर सीधे नामांतरण किया जाने का पता चला।
कुछ किसानों को खोजेन्द्र गिरी द्वारा कच्चे में रसीद दिया गया है तो कुछ किसानों को रसीद ही नहीं दिया गया है। किसानों के मय ब्याज सहित पूर्ण राशि जमा करने के बावजूद खोजेन्द्र गिरी ने किसानों को उनके बंधक रखे जमीन के कागजात को वापस नहीं किया है।
पीडि़त किसानों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि खोजेन्द्र गिरी गोस्वामी के नाम हुए समस्त किसानों का बिक्री बैनामा निरस्त कर खोजेन्द्र गिरी के वारिसों के नाम किये जा रहे नामांतरण को भी निरस्त किया जाकर जमीन के दस्तावेज में मूल किसानों के नाम दर्ज किया जाए।