महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जानता से भेंट मुलाकात कार्यक्रम के लिए अभी से तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरान कभी भी हो सकता है। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी से संबंधित अधिकारी कर्मचारी से कहा कि जीरो टोलरेंस को ध्यान में रखकर काम करें। नियमों से परे कोई गड़बड़ी करने का प्रयास करेगा तो कार्रवाई होगी। छोटे किसानों का टोकन प्राथमिकता से काटें।
कलेक्टर ने सोमवार को समय सीमा की बैठक के दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि अब तक की खरीदी में जिला प्रदेश में सबसे अधिक धान की खरीदी करने वाला जिला है। कलेक्टर ने कहा जिले में मुख्यमंत्री का जानता से भेंट मुलाकात का कार्यक्रम कभी भी हो सकता है। इसलिए सभी तैयारियां पूरी रखें।
उन्होंने आधार सीडिंग के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि इसके लिए प्राथमिकता वाले गांवों में आधार पंजीयन और बैंक खाता खोलने शिविर लगाएं। कलेक्टर ने कहा कि अवैध धान की बिक्री समितियों में होने नहीं दी जाएगी। केवल पंजीकृत किसान निर्धारित मात्रा में ही धान की बिक्री कर पाएंगे। पहले की तरह इस साल भी 15 क्विंटल प्रति एकड़ लिमिट रखी है। इस बार निगरानी तंत्र को काफी पुख्ता रखा गया है। राजस्व के साथ पुलिस भी मुस्तैद है।
कलेक्टर ने कहा कि अधिाकरी सभी गौठानों का नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा गोबर विक्रेताओं के खाते में समय पर राशि पहुंचाएं। साथ ही वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की मात्रा बढ़ाएं व उत्पादित खाद का उठाव करें। उन्होंने अविवादित खाता विभाजन नक्शा बटांकन, सीमांकन, मुआवजा वितरण के कामों में तेजी लाने कहा। कहा कि जिन नागरिकों का आधार कार्ड 10 वर्ष से पूर्व बना है उसमें दस्तावेज अपडेट करा लें। इस दौरान उन्होंने विभागवार लंबित आवेदनों की जानकारी ली और समय सीमा के भीतर लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।