महासमुन्द

महासमुंद के 30 हजार किसानों अब तक पीएम किसान सम्मान निधि की राशि से वंचित
09-Nov-2022 3:23 PM
महासमुंद के 30 हजार किसानों अब तक पीएम किसान सम्मान निधि की राशि से वंचित

कई किसानों का ई केवाईसी भी बैंक में अपडेट नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर।
महासमुंद जिले के 30 हजार किसानों को अब तक पीएम किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिल पाई है, जिसकी वजह से किसानों में असंतोष है। इसका मुख्य कारण वे अपात्र लोग बताए जा रहे हैं, जिन्होंने योजना में पंजीयन करा लिया था। जब उन्हें अपात्र किया तो उनके साथ पात्र भी अपात्र हो गए। इसके अलावा कई किसानों का ई केवाईसी भी बैंक में अपडेट नहीं है। अब किसान इस समस्या के समाधान के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं। जिला प्रशासन की मानें तो अब विभाग शिविर लगाकर दस्तवेजों को अपडेट करेगा ताकि वंचितों को किसान सम्मान निधि की राशि मिल सके।

जानकारी के मुताबिक प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पाने अपात्रों के पंजीयन से जो अव्यवस्था इस योजना में उत्पन्न हुई थी उसका खामियाजा अब पात्र किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसान अब इसे विभागीय लापरवाही के रूप में देख रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जल्द भुगतान नहीं होने पर प्रदर्शन की रूप रेखा भी तैयार कर रहे हैं।

किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के खाते में नहीं पहुंचने की शिकायत के बाद कुल कितने किसानों के खाते में राशि नहीं पहुंची है? इसके जवाब में उपसंचालक कृषि डीडी मोहंती का कहना है कि राज्य स्तर से लिस्ट प्राप्त हो चुकी है। लिस्ट के मुताबिक 30 हजार किसानों के खाते में राशि नहीं पहुंची है। इस समस्या के निराकरण के लिए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकरियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वे जल्द से जल्द अपने क्षेत्र के किसानों से संपर्क कर शिविर लगाएं और उनके दस्तावेज अपडेट कराएं।
गौरतलब है कि महासमुंद जिला खरीफ  विपणन वर्ष 2022-23 में यह जिला प्रदेश के मानचित्र पर सबसे बड़े धान उत्पादक जिले के रूप में भी उभरकर सामने आ रहा है। इसके बावजूद यहां के किसानों के साथ कुछ अच्छा नहीं हो रहा है। राजीव गांधी न्याय योजना की लंबित राशि पाने भी 400 से ज्यादा किसान मश्क्कत कर रहे हैं। इस समस्या के पीछे किसानों में जागरूकता का अभाव भी बताया जा रहा है।

विभाग के मुताबिक कई किसान प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि की राशि खाते में नहीं आने की जानकारी तो दे रहे हैं मगर उन्हें ईकेवाईसी के बारे में नहीं पता। किसानों को ईकेवाईसी का डिटेल कागज में लिखकर किसानों को दिया जा रहा है, ताकि वे अपने दस्तावेज अपडेट करा सकें।

( जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या लगभग 1 लाख 74 हजार है लेकिन 1 लाख 93 हजार 906 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। इनमें  आयकर दाता, नौकरी करने वाले, पेंशनधारी भी शामिल हैं। जिनसे रिकवरी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। इसी जद्दोजहद में विभाग ने हजारों खातों पर रोक लगा दी है। जिसका खामियाजा अब पात्र किसान भुगत रहे हैं। इसी फेहरिस्त से निकलकर 30 हजार किसानों की सूची आई है जो पात्र होते हुए भी अब तक प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि की राशि से वंचित हैं।)
 


अन्य पोस्ट