महासमुन्द

देवउठनी एकादशी धूमधाम से मनी
05-Nov-2022 3:19 PM
देवउठनी एकादशी धूमधाम से मनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर।
छोटी दीपावली के रूप में मनाए जाने वाले देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार को क्षेत्र में धूमधाम से भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के हर घर में तुलसी-शालिग्राम का विवाह हुआ। कल सुबह से ही लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए थे और शाम होते ही घरों में गन्ने के मंडप के नीचे तुलसी-शालिग्राम का विवाह कर देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया गया।

शाम होते ही देर रात तक जमकर आतिशबाजी हुई। इस पर्व को लेकर सुबह से घरों में पूजा स्थल को गोबर से लिपाई की गई थी। रंगोली औैर चौक में गन्ने का मंडप तैयार किया गया था। अधिकांश महिलाओं ने दिनभर उपवास रखा। शाम को पूजन सामग्री, सुहाग सामग्री व मिष्ठान अपर्ण कर विधि विधान से तुलसी का शालिग्राम के साथ विवाह किया। लोग कल दिन भर मंडप के लिए गन्ना, पूजा पाठ में चढ़ाने वाले सामाग्री सहित अन्य सामानों की खरीददारी करते रहे। शहर के गोलबाजार, मेन रोड सहित अन्य जगहों में काफी भीड़.भाड़ रही।


अन्य पोस्ट