महासमुन्द
जल्द नक्शा, खसरा व अन्य दस्तावेज कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा-सीएमओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अक्टूबर। महासमुंद शहर में बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम राशि मिलने के 10 माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बावजूद नगरपालिका के अधिकारी काम कराने में लेटलतीफ ी कर रहे हैं। जिस जगह पर एसटीपी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जाना है, पालिका ने वहां का ड्राइंग डिजाइन तो शासन को भेजा है, लेकिन नक्शा खसरा व अन्य दस्तावेज नहीं दिए हैं। लिहाजा शासन ने अब सुधार के लिए प्रोजेक्ट फ ाइल पालिका के पास वापस भेज दी है।
कहा जा रहा है कि पालिका को नक्शा, खसरा सहित अन्य दस्तावेज कंप्लीट कर उक्त फाइल को दोबारा शासन को भेजना होगी। वहां से फ ाइल पास होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि शासन की ओर से वापस आई फाइल को दो महीने से अधिकारी-कर्मचारी दबा कर बैठे रहे हैं। उक्त फाइल में न तो सुधार हो पा रहा है और न ही दोबारा भेजने की कवायद। लिहाजा निर्माण कार्य में अनावश्यक रूप से देरी हो रही है।
इस संबंध में सीएमओ आशीष तिवारी का कहना है कि जमीन का नक्शा खसरा नहीं भेज पाने के कारण शासन से फाइल वापस आ गई है। जल्द ही नक्शा, खसरा व अन्य दस्तावेज कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। अप्रूव होने के बाद काम चालू होगा। सीवरेज का पानी ट्रीट होकर निस्तारी के आएगा काम सामान्य दिनों में 2 करोड़ लीटर व गर्मी के दिनों में 4 करोड़ 40 लाख लीटर पानी की आपूर्ति महानदी से होती है। वहीं निजी बोर से भी पानी की आपूर्ति शहरवासी करते हैं। इसमें से प्रतिदिन 90 लाख लीटर पानी वेस्टेज नाली के रास्ते बहकर महानदी तक पहुंचता है। कई खेतों में गंदा पानी चला जाता है। खेत व महानदी प्रदूषित न हो इसलिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया जाना है, ताकि यही वेस्टेज पानी रिसाइकिल होकर शहरवासियों के निस्तारी के काम आए।
गौरतलब है कि इसी साल मार्च में पालिका ने एक बजट पेश किया था। जिसमें तीन जगह एसटीपी बनाने का निर्णय लिया था। इसमें से एक प्लांट बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इमलीभांठा मुक्ति धाम के पास प्लांट निर्माण किया जाना है। इसके लिए पालिका 1.25 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसकी स्वीकृति शासन से मिल चुकी है। इसी तरह बंधवा तालाब और सितली नाले के पास भी प्लांट बनाया जाना है। इसके लिए फिलहाल अभी शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई है। सीएमओ ने कहा कि जैसे-जैसे स्वीकृति मिलेगी, निर्माण कार्य कराया जाएगा।