महासमुन्द
महासमुंद, 29 अक्टूबर। सामाजिक बैठक से वापस लौट रहे बाइक सवार की शुक्रवार को सडक़ हादसे में मौत हो गई है, वहीं पीछे बैठा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना पिथौरा थाना क्षेत्र के मुड़ीपार की है। अज्ञात वाहन के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन को चलाते हुए टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खुटेरी निवासी थान सिंह नेताम पिता गोविंद 58 व गौरा सिंह दोनों सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अर्जुनी गए थे। सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को ये दोनों अपनी बाइक से वापस अपने गांव खुटेरी लौट रहे थे।
पिथौरा मुड़ीपार के पास पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार दोनों सड़क़ में गिर गए। इससे दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने डायल 112 को सूचित किया। टीम मौके पर पहुंची और इलाज के लिए पिथौरा अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने थान सिंह नेताम को मृत घोषित कर दिया।