महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर। पू्र्व विधायक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डा. विमल चोपड़ा ने ग्राम बोरिद, चुहरी, केडियाडीह में चौपाल लगाकर लोगों से चर्चा की एवं लोगों को केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी के साथ राज्य सरकार की असफलताओं पर अपने विचार रखे। ग्राम बोरिद में ग्रामिणों ने ग्राम पहुंच मार्ग की खस्ताहाल पर आक्रोश जाहिर करते हुए उन्हें आगामी चुनाव में सबक सिखाने की बात कही। ग्रामीणों ने बोरिद के दोनों पहुंच मार्ग खराब होने एवं अमलोर से धसगुड़ मार्ग की दयनीय हालत की जानकारी भी दी। बताया कि पहले साल में एक बार इस मार्ग का रख-रखाव वन विभाग करता था। परंतु चार सालों से एक रुपए तक इसमें खर्च नहीं किया गया है।
इसी तरह चुहरी ग्राम के कमार डेरा एवं बस्ती में चौपाल के दौरान लोगों ने वनाधिकार पटटे के संबंध में समस्याएं रखी। कमार डेरा के लोगों ने कहा कि आज तक उनको वनाधिकार पट्टा नहीं मिला। जबकि सालों से वन भूमि में खेती करते आ रहे हंै। पटटा न होने के कारण उनकी फसल 12-14 सौ रुपए में बेचना पड़ती है। ऋण नहीं मिल पाता। जबकि ग्राम केडियाडीह, सिरपुर रेस्ट हाउस में विभिन्न कमार डेरा के निवासियों के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि वनाधिकार पट्टा, कमारों की सीधी भर्ती को लेकर सिरपुर से कलेक्टर कार्यालय महासमुंद तक पदयात्रा कर कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।
चौपाल एवं बैठक के दौरान सरपंच लाला निषाद, झुम्मन कमार,मंशाराम कमार, साहेब कमार, बरसप्ती कमार, जगदीश कमार, कृष्ण कुमार कमार, राजकुमार ध्रुव, राजू ध्रुव, पवन यादव, श्याम दास मानिकपुरी,कुंभकर्ण ध्रुव, दीनदयाल ध्रुव, सोहन निषाद, अर्जुन ध्रुव, हेमंत निषाद, गोपाल ध्रुव, ईश्वर यादव सहित अनेक लोग उपस्थित थे।