महासमुन्द

मुख्य चौक पर जर्जर पिल्लर हादसों को दे रहा न्यौता
26-Oct-2022 2:45 PM
मुख्य चौक पर जर्जर पिल्लर हादसों को दे रहा न्यौता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर। नेशनल हाईवे-353 पर जिला मुख्यालय के अंबेडकर चौक स्थित जर्जर पिल्हर बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है लेकिन पालिका प्रशासन इसे हटाने की जहमत नहीं उठा रहा है। यह पिल्हर आवागमन में काफी दिक्कतें पैदा कर रही है। यहां अव्यवस्था होने से अक्सर लोग ट्रैफिक सिग्नल जंप कर आगे बढ़ जाते हैं। नेशनल हाईवे का हिस्सा होने की वजह से यह स्थान संवेदनशील है।

इस जगह पर कभी भी बड़ी दुर्घटना को भांपकर यहां से बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को स्थानांतरित किया गया था। अब नेशनल हाईवे-353 के मुख्य चौक पर बने यह जर्जर पिल्लर लोगों का स्वागत करता है। यहां पहले कई घटनाएं घट चुकी हैं। एनएच के इंजीनियर एनके द्विवेदी का कहना है कि चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण के समय प्रतिमा के स्थानांतरण व पिल्हर को हटाने का प्रयास किया गया था। लेकिन काम पूरा नहीं हो पाया। जल्द ही इसे हटाने का प्रयास किया जाएगा।

मालूम हो कि 12 फरवरी 2022 की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाबा साहब की प्रतिमा के नीचे के चबूतरे को टक्कर मार दिया था। इसकी वजह से चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी। इस दौरान बाईपास सडक़ की मांग भी लोगों ने उठाई थी। कुछ दिन बीते और इस जगह को दुर्घटनाजन्य मानकर करीब 5 माह पहले अंबेडकर प्रतिमा को आरओबी की ओर स्थानांतरित किया गया। लेकिन पिल्हर अब भी जस का तस नेशनल हाईवे के बीच खड़ा है।


अन्य पोस्ट