महासमुन्द
कलेक्टर ने पर्वों पर स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार गिफ्ट पैक खरीदने का आग्रह किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 अक्टूबर। क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा राजेश कुमार दास ने कल महिला समूहों द्वारा घरेलू उत्पादों और सजावटी सामग्री की सी.मार्ट में खरीदी की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस आलोक ने उन्हें दीपावली के लिए महिला स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित गिफ्ट हेम्पर भेंट किया। गिफ्ट हेम्पर उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने तुरंत ही 35 गिफ्ट हेम्पर का ऑर्डर दिया। ताकि वे दीपावली पर अपने करीबी नाते रिश्तेदारों, सगे-संबंधियों, दोस्तों और कर्मचारियों को यह गिफ्ट हेम्पर भेंट कर सकें। इतना ऑर्डर मिलने पर बिहान दीदियां काफ़ी खुश थी। स्थानीय उत्पादों को खऱीदने के लिए अब लोगों का रुझान सी मार्ट की ओर बढऩे लगा है।
प्रबंधक श्री दास ने हाथ ट्राली ले कर घूम कर सी मार्ट में रखी सामग्री देखी और घरेलू उपयोगी समान, सजावटी सामग्री की खऱीदी की। उन्होंने सी मार्ट की सलीके से रखे गए समान और सजावट की तारीफ़ की। क्षेत्रीय प्रबंधक श्री दास ने दीदियों से बातचीत की। बिहान दीदियों ने उन्हें बताया कि दीपावली त्यौहार को देखते हुए गिफ्ट पैक, एलईडी बल्ब, अगरबत्ती, सजावटी सामान के साथ ही नमकीन बड़ी, पापड़, अचार, साबुन आदि की बिक्री बढ़ी है।
इस मौके पर लीड बैंक प्रबंधक अनुराग श्रीवास्तव उनके साथ थे। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने भी विभिन्न पर्वों के अवसर पर स्थानीय स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए गिफ्ट पैक संजीवनी या सीमार्ट के माध्यम विक्रय क्रय करने का आग्रह किया है। ताकि स्थानीय उत्पादों को और बढ़ावा मिले साथ ही स्थानीय लोगों को रोजग़ार मिले।