महासमुन्द
महासमुंद, 20 अक्टूबर। ससुराल आकर खेत देखने गए ग्रामीण को तीन भालुओं ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल ग्रामीण को डायल 112 के माध्यम से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से रायपुर रेफ र कर दिया गया। यह मामला बसना वन परिक्षेत्र के ग्राम चपिया का है। वन विभाग की टीम ने घायल के परिजनों को 500 रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है। उसका इलाज रायपुर में चल रहा है।
ग्राम चपिया के कोटवार लीलम्बर सिदार ने बताया कि ग्राम चिपरीकोना निवासी गोपाल पारेश्वर पिता मायाराम पारेश्वर अपने ससुराल चपिया आया हुआ था। मंगलवार की सुबह 7 बजे वह अपने गांव वापस जा रहा था। गांव जाने से पहले खेत देखने के लिए गया। उसी समय उसका सामना तीन भालुओं से हुआ। तीनों भालुओं ने गोपाल पर हमला कर घायल कर दिया। भालुओं ने पैर व कान को काटकर गंंभीर रूप से घायल कर दिया है। तीन भालू में एक शावक भी शामिल था।