महासमुन्द

नपा कर्मियों की धमकी के आगे झुका प्रशासन
19-Oct-2022 2:47 PM
नपा कर्मियों की धमकी के आगे झुका प्रशासन

दीवाली के पहले वेतन भुगतान का वादा  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अक्टूबर।
वेतन के लिए तीन महीनों से तरस रहे नगरपालिका के कर्मचारियों ने टैक्स बकाएदारों के घरों के सामने प्रदर्शन किया। इस पर भी बात नहीं बनी तो वे कलेक्टर के पास गए और कहा कि यदि 21 अक्टूबर तक वेतन नहीं मिला तो शहर के लोगों को पानी, साफ-सफाई बिल्कुल बंद कर देंगे। तब जाकर सीएमओ आशीष तिवारी का बयान सामने आया कि शासन को पत्र लिखा गया था वेतन आ गया है। दो महीने का भुगतान किया जाएगा। 

मालूम हो कि नगर में सम्पत्ति कर, समेकित कर और जलकर का वर्तमान व पिछला करीब 6 करोड़ रुपए बकाया है, जिसे महज 131 बकाएदारों से वसूलना है। इसमें पुराना बकाया करीब 3 करोड़ रुपए है। लाख कोशिशों के बाद भी पालिका अपने बकाएदारों से टैक्स नहीं वसूल पा रही है। इसके चलते पालिका कर्मचारियों को तीन माह से वेतन ही नहीं मिला है। 

पहले तो सीएमओ ने भी साफ  कह दिया कर वसूली आने पर ही वेतन दिया जाएगा। लिहाजा कल मंगलवार को नपा कर्मचारी बड़े बकाएदारों के घर के आगे धरने पर बैठे रहे। हालांकि उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा। लेकिन कर्मचारियों ने भी डिप्टी कलेक्टर एके टंडन को ज्ञापन सौंपते 21 अक्टूबर तक बकाया वेतन भुगतान न होने पर मूलभूत सुविधा बंद कर हड़ताल करने की चेतावनी दे दी। इसके बाद माया बाई पति धरमदास महिलांग, किसान राइस मिल के संचालक, शाह मेघराज, मोहन बग्गा, सिद्देश्वर राइस मिल अशोक पींचा, भुनेश्वर राव साकरकर, जयलाल सिंह,मूलचंद चंद्राकर, सुरेन्दर कौर, विनय विकास अग्रवाल, पंचशील क्लब अध्यक्ष धनंजय चंद्राकर, पुष्कर चंद्राकर सहित 131 ऐसे लोग हैं, जिनसे 6 करोड़ रुपए कर वसूला जाना है। 

सीएमओ तिवारी का कहना है कि राजस्व विभाग को वसूली के लिए आदेश दिया गया है, लेकिन वसूली कर नहीं पा रहे हैं। यदि बकायादार टैक्स नहीं पटा रहे है तो नोटिस जारी करेंगे। नहीं देने पर सिविल कोर्ट में कार्रवाई के लिए लगाएंगे। मिलर्स व पूर्व राज्यमंत्री के घर वसूली के लिए कल गई टीम के साथ मैं नहीं जा पाया क्योंकि मंगलवार को टीएल की बैठक होती है।, जिसमें शामिल होना जरूरी होता है। 

 


अन्य पोस्ट