महासमुन्द

किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले 21 को होगी किसानों की महाबैठक
19-Oct-2022 2:43 PM
किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले 21 को होगी किसानों की महाबैठक

हजारों किसान मिलकर राज्य और केन्द्र शासन को ज्ञापन सौंपेंगे

महासमुंद,19 अक्टूबर। जिले में छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले 21 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी में किसानों की महाबैठक होगी। इसमें प्रदेशभर के हजारों किसान शामिल होंगे। इस आयोजन और कार्यक्रम से जुड़ी रणनीति बनाई गई। कल इसी हेतु आयोजित एक प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के सदस्यों ने बताया कि 21 अक्टूबर को महा बैठक के दौरान केन्द्र और राज्य सरकार दोनों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। जिनका केन्द्र बिन्दु किसानों का हित होगा। जिसमें मुख्य रूप से सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में खरीदी कानून की गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू करने, सभी कृषि उपज मंडियों में बारहों माह न्यूनतम समर्थन मूल्य में खरीदी, प्रधानमंत्री आवास सम्मान राशि का लाभ सभी किसानों को अनिवार्य रूप से देने, सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों का एक-एक दाना धान खरीदने, भाजपा सरकार के कार्य काल के दो वर्ष का बोनस देने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में केन्द्र सरकार से संबंधित मुद्दों को केन्द्र के नाम ज्ञापन में व राज्य सरकार से जुड़े मुद्दों को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन में उल्लेखित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट