महासमुन्द
प्रबंधन ने उनसे एकेडमिक सत्र के शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लिए जाने की बात कही है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अक्टूबर। मंगलवार को कुछ पालक अपने बच्चों को मेडिकल कालेज महासमुंद में दाखिले को लेकर पहुंचे और जानकारी ली। उन्हें लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल में उगी घास, फर्नीचर, जैसी कमियां नजर आईं। हालांकि प्रबंधन ने उनसे एकेडमिक सत्र के शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लिए जाने की बात कही है।
मालूम हो कि मेडिकल कॉलेजों में स्टेट कोटा से एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रियाएं 17 अक्टूबर से शुरू हो गई हैं। इसे देखते हुए हाल में मान्यता प्राप्त करने वाले महासमुंद शासकीय मेडिकल कॉलेज में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। हालांकि लाइवलीहुड कॉलेज परिसर स्थित निर्मित हॉस्टल परिसर अभी तक अपने नए और पहले बैच के लिए तैयार नहीं हो पाया है। अभी भी कई कार्य जारी हैं।
जानकारी मिली है कि ऑल इंडिया कोटा के तहत महासमुंद जीएमसी की 15 सीटें पहले ही निर्धारित हो गई हैं। इसमें ओपन कैटेगरी के 7, जनरल ईडब्लूएस के 1, 4 ओबीसी, 2 एससी और एक एसटी की सीटें निर्धारित की गई हैं। अब बाकी की सीटों के लिए 17 अक्टूबर से स्टेट कोटा के तहत एडमिशन प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके तहत पहले चरण में 25 अक्टूबर तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया है।
प्रवेश प्रक्रियाओं के शुरू होने के बादकुछ पालक कल मंगलवार को महासमुंद जीएमसी के संसाधन और सुविधाओं की जानकारी लेने पहुंचे। उन्हें अभी भी प्रबंधन की अधूरी तैयारियां ही नजर आईं। हालांकि प्रबंधन 15 नवंबर तक नए सत्र की शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने वाले दिन तक सभी तैयारियां पूरी करने की बात कह रहा है।
गौरतलब है कि महासमुंद मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्राप्त होते ही स्थाई भवन की मांग बढ़ गई है। लेकिन सीजीएमएससी ने इस संबंध में अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की है। ग्राम खरोरा में लगभग 100 एकड़ की जगह महासमुंद जीएमसी के लिए दी है और राजस्व विभाग ने इसका सीमांकन भी महीनों पहले कर लिया है। साथ ही बिल्डिंग निर्माण के लिए केंद्र प्रवर्तित योजना के तहत कॉलेज के लिए 325 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे। इसके बाद अभी तक इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।
लाइवलीहुड कॉलेज में बिजली के लिए ट्रांसफ ार्मर लगाने का काम चल रहा है। साथ ही पुराने जल स्रोत की मरम्मत कर स्टूडेंट्स के लिए पानी की तत्कालिक व्यवस्था करने का प्रयास चल रहा है। कल मंगलवार को तैयारियों में विभिन्न प्रकार की मदद को लेकर कॉलेज प्रबंधन कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे, वहां उन्हें मदद का आश्वासन दिया है।